ट्रेन पैंट्री में यात्रियों के लिए बने खाने का मजा लूटते चूहों का वीडियो वायरल
चूहे पैंट्री में इधर-उधर दौड़ रहे हैं और रखा हुआ खाना टेस्ट कर रहे हैं.

भारतीय रेलवे के खाने में नुक्स निकालने वालों की कमी नहीं. कभी कॉकरोच निकलने का दावा किया जाता है तो कभी बाल दिखने का. लेकिन अब तो सबूत सामने आया है. वो भी ऐसा कि जिसे देखकर शरीर में सनसनी सी दौड़ जाए. दरअसल, एक ट्रेन की पैंट्री में चूहे देख गए हैं. वे पैंट्री में इधर-उधर दौड़ रहे हैं. वहां रखा हुआ खाना टेस्ट कर रहे हैं. ये वीडियो सोशल मीडिया पर एक यात्री ने शेयर किया है.
इंस्टाग्राम पर @mangirish_tendulkar नाम के यूजर ने वीडियो को शेयर किया है. मंगिरिश 15 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ ट्रेन में यात्रा कर रहे थे. उसी दौरान उन्हें पैंट्री में चूहे दौड़ते दिखे. उन्होंने मोबाइल कैमरे से उन्हें रिकॉर्ड कर लिया. पोस्ट में उन्होंने लिखा,
“रेलवे का फ़ैन और एक रेल यात्री के रूप में यह मेरे लिए बहुत बड़ा झटका है. 15 अक्टूबर को मैं 11099 मडगांव एक्सप्रेस में परिवार के साथ यात्रा कर रहा था. जिसका निर्धारित समय रात 1:45 था. लेकिन ट्रेन 3:30 बजे तक आई. एक रेल फ़ैन होने के नाते मैंने ट्रेन के इंजन कपलिंग को रिकॉर्ड करने के बारे में सोचा, इसलिए मैंने ट्रेन के पीछे की ओर चलना शुरू कर दिया. यहीं से मुझे असली झटका लगा. पैंट्री कार ट्रेन के लगभग बीच में मैंने कम से कम 6-7 चूहों को देखा, लेकिन वीडियो मैं केवल 4 चूहों का बना सका.
मैंने RPF से शिकायत करने की कोशिश की, उन्होंने कहा कि “ट्रैक के नीचे 400-500 चूहे हैं, 4-5 ट्रेन में घुस गए तो क्या दिक्कत है". फिर मैं असिस्टेंट स्टेशन मास्टर मीना सर के पास गया, उन्होंने पैंट्री मैनेजर को बुलाया. मैंने पूरा मामला उनको बताया तो उन्होंने कहा कि पैंट्री में तो बहुत चूहे हैं, अब हम क्या करें. रेलवे हमेशा खटारा डिब्बा ही भेजता है हमें.”
मंगिरिश ने आगे बताया कि लास्ट में उन्होंने रेल मदद ऐप में शिकायत की, जिसके बाद एक रेल मदद अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह IRCTC को दंडित करेंगे.
पहले वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक चूहा पैंट्री कार में एक बर्तन पर बैठा है और खाना कुतर रहा है. तभी दूसरा चूहा उस बर्तन पर झपटता है और अपना मुंह बर्तन के अंदर डाल देता है और फिर भाग जाता है. दूसरे वीडियो में चूहे पैंट्री प्लेटफॉर्म पर दौड़ते हुए दिखते हैं, जहां कटी हुई सब्जियां खुले में रखी हुई थीं. पैंट्री में खाना पकाने के कई बर्तन, प्लेटफॉर्म और अलमारियों पर खाने की चीज़ों के खुले पैकेट भी रखे हुए थे.
इस वीडियो को 18 अक्टूबर को @mumbaimatterz नाम के पेज़ ने ट्विटर पर शेयर किया. इस पर मुंबई डिवीज़न सेंट्रल रेलवे ने जवाब देते हुए लिखा,
“सर आपको हुई असुविधा के लिए खेद है. ऑन-बोर्ड स्टाफ और पैंट्री स्टाफ़ को स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया गया है. इसे और बेहतर बनाने के लिए पेस्ट कंट्रोल को बढ़ाया जा रहा है.”
इसी पोस्ट पर IRCTC ने जवाब देते हुए लिखा,
“मामले को गंभीरता से लिया गया है और उचित कार्रवाई की गई है. पैंट्री कार स्टाफ को पैंट्री कार में स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया है. साफ़-सफ़ाई के लिए पेस्ट कंट्रोल को बढ़ाने की सलाह दी जा रही है.”
वहीं नितिन नाम के यूजर ने लिखा,
“हर पैंट्री का यही हाल रहेगा.”
हरिहर नाम के यूजर ने लिखा,
“12 अक्टूबर मैं कोणार्क एक्सप्रेस से मुंबई जा रही थी तो मुझे मेरे उपमा में एक कीड़ा मिला था.”
कॉमेंट्स में और भी कई लोगों ने अपनी शिकायतें बताईं. क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है. हमें कॉमेंट बॉक्स में बताइए.
ये भी पढ़ें: वंदे भारत: खाने में पराठा दिया, उसमें कॉकरोच निकला

