इस खबर पर भारतीय वायु सेना के सूत्रों ने कहा-
विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तानी वायु सेना के F-16 विमान को पाक अधिकृत कश्मीर में 7-8 किलोमीटर भीतर मार गिराया था. पाकिस्तानी वायुसेना के रेडियो संदेशों को पकड़ा गया था. इसके मुताबिक 27 फरवरी को उसके जिन दो F-16 विमानों ने भारत पर हमला किया था, उनमें से एक उनके बेस पर नहीं लौटा.अमेरिकी मैगजीन की ये रिपोर्ट US के प्रोपगेंडा मशीन का भी हिस्सा हो सकती है. भारत का मिग-21 काफी पुराना मॉडल है. जबकि F-16 अमेरिका का बनाया हुआ अत्याधुनिक जेट है. दुनिया में हथियार बेचने का सबसे बड़ा कारोबार अमेरिका का है. F-16 का मिग-21 के हाथों क्रैश हो जाना पाकिस्तान से कहीं ज्यादा अमेरिका की प्रतिष्ठा का सवाल है. तो अमेरिकी मैगजीन के कहे पर ज्यों का त्यों भरोसा कर लेना वाजिब नहीं लगता.
क्या हुआ था उस दिन? 26 फरवरी को बालाकोट एयर स्ट्राइक के अगले दिन 27 फरवरी की सुबह पाकिस्तान के कुछ जेट्स भारतीय सीमा में घुसे. इसपर जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय वायुसेना ने उनका पीछा किया. दोनों पक्षों के बीच आसमान में झड़प हुई. सेना के सूत्रों ने दावा किया था कि उस दिन दो अलग-अलग जगहों पर आग देखी गई थी. दोनों जगहों के बीच करीब 8-10 किलोमीटर का फासला था. इनमें से एक आग भारत के क्रैश हुए मिग-21 बाइसन की थी. दूसरी आग पाकिस्तानी वायुसेना के उस F-16 विमान की ही थी, जिसे अभिनंदन ने अपने मिग-21 से निशाना बनाया था. इसके बाद ही अभिनंदन के मिग-21 को पाकिस्तानी मिसाइल ने टारगेट किया और उनका एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया. वो जहां गिरे, वो जगह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में थी. फिर पाकिस्तानी सेना ने उन्हें कैद कर लिया. तीन दिन बाद पाकिस्तान ने उन्हें सही-सलामत भारत भेजा था.

शुरुआत में एफ 16 विमान को अमेरिकी एयर फोर्स के लिए बनाया गया था. फाइल फोटो.
अमेरिका की मैगजीन ने क्या लिखा है? अमेरिकी न्यूज़ पब्लिकेशन 'फॉरेन पॉलिसी' की रिपोर्ट के मुताबिक-
फरवरी में हुए संघर्ष के दौरान अपने लड़ाकू विमान से पाकिस्तानी एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का भारत का दावा गलत हो सकता है. हालात की सीधी जानकारी रखने वाले अमेरिका के दो सीनियर डिफेंस ऑफिसर्स ने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने हाल ही में पाकिस्तान के एफ-16 विमानों की गिनती की. कोई भी विमान गायब नहीं पाया गया.भारतीय वायुसेना ने क्या कहा है? इंडियन एयर फोर्स ने 28 फरवरी को सबूत के तौर पर AMRAAM मिसाइल के टुकड़े दिखाए थे. ये मिसाइल F-16 विमान से ही दागा जाता है. मगर इससे ये पता नहीं चलता कि पाकिस्तानी विमान को भारत के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने मार गिराया था. पत्रिका 'फॉरेन पॉलिसी' के मुताबिक इस घटना के बाद इस्लामाबाद ने अमेरिका से पाकिस्तान आकर F-16 विमानों की गिनती कर लेने की पेशकश की थी.
F-16 को भारत के खिलाफ इस्तेमाल करने का मतलब? पाकिस्तानी वायुसेना को F-16 विमानों की खेप अमेरिका से मिली हुई है. इस्लामाबाद और वॉशिंगटन के बीच मिलिटरी सेल अग्रीमेंट के मुताबिक कुछ खास शर्तें हैं. इसमें पाकिस्तान को कुछ सीमाएं माननी होती हैं. कि वो अमेरिका से लिए गए या उससे खरीदे गए हथियारों-एयरक्राफ्ट्स वगैरह को किस तरह और किसके खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है. पाकिस्तान को ये हथियार देने का मुख्य मकसद आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उसके हाथ मजबूत करना है. अगर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ शुरुआती हमला करने में F-16 इस्तेमाल किया, तो ये अमेरिका के साथ उसके समझौते का उल्लंघन माना जाना चाहिए. 27 फरवरी की घटना के बाद अमेरिकी दूतावास का बयान भी आया था. कहा गया था कि वो इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ F-16 यूज़ किया? उस समय पाकिस्तान की सफाई भी आई थी. उसका कहना था कि उसने भारतीय जेट को गिराने के लिए F-16 इस्तेमाल नहीं किया. लेकिन सवाल बस गिराने में हुए इस्तेमाल का नहीं है. भारत के मुताबिक, 27 फरवरी को पाकिस्तान ने भारतीय एयर स्पेस में घुसपैठ की. उसके जेट्स भारतीय सीमा में घुसे. इसके लिए F-16 का इस्तेमाल हुआ, तो ये भी उल्लंघन माना जाना चाहिए.

एफ-16 सिंगल इंजन वाला, सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है. फाइल फोटो. इंडिया टुडे.
इंडियन एयर फोर्स ने और क्या सबूत दिए हैं? भारतीय एयर फोर्स के सूत्रों का कहना है कि 27 फरवरी को F-16 विमान ही मार गिराया गया था. इसके भारत के पास पुख्ता सबूत हैं.
पहला सबूत- भारत ने पाकिस्तान के तीन रेडियो संदेश रिकॉर्ड किए हैं. एनडीटीवी
के मुताबिक उन संदेशों का मटीरियल कुछ यूं है-
1-ये एनिमी का तबाह हुआ है जो परिंदा, ये परिंदे हैं जो, वो दोनों परिंदे पकड़ लिए हैं. (यहां दोनों परिंदों से मतलब है भारत का मिग-21 और दूसरा एफ-16). 2-'एनिमी के जो तबाह हुए परिंदे हैं, पकड़ के हम अपनी यूनिट में ले जा रहे हैं (इसका मतलब अभिनंदन), अभी दूसरा भी 658 वाले पकड़ के ले जा रहे हैं.' 3-'विंग कमांडर अभिनंदन को, मिग पायलट को पकड़ लिया है. दूसरे को जख्मी को CMH ले जा रहे हैं.' CMH मतबलब command military hospital, Manglq area, pakistan.
दूसरा- भारत के पास 27 फरवरी को ली गई रडार की कुछ तस्वीरें हैं. इनमें दिखता है कि अभिनंदन से मुठभेड़ के बाद पाकिस्तान का वो F-16 आठ-10 सेकेंड के भीतर रडार में से गायब हो जाता है.
तीसरा- पाकिस्तान का F-16 विमान पाकिस्तान के एयरफोर्स बेस से निकला तो, मगर वहां लौटा नहीं. इसके सबूत के तौर पर भारत के पास पाकिस्तानी वायुसेना की रेडियो टेलिफोन पर हुई बातचीत का रिकॉर्ड है. इस बातचीत के आधार पर भारतीय सेना ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के सबी कोट और तंदार में दो पैराशूट नीचे आए. इन दोनों जगहों के बीच आठ-नौ किलोमीटर का फासला है. ये पैराशूट नीचे आने का केस शायद ये था कि भारत द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद जब F-16 क्रैश हुआ होगा, तो उसके पायलट ने समय रहते खुद को पैराशूट के सहारे इजेक्ट कर लिया होगा. दूसरा पैराशूट अभिनंदन का था, क्योंकि उनका भी विमान क्रैश हो गया था.
वीडियोः क्या अगस्ता केस पर ईडी की चार्जशीट में सोनिया गांधी, अहमद पटेल, और राहुल गांधी का नाम है?










