The Lallantop

ड्रीम कारों को शोरूम के बाहर से ताकता विकलांग शख्स, वीडियो देख इमोशनल हुए लोग

वायरल रील पर ज्यादातर लोगों ने रील पोस्ट करने वाले सज्जन से कहा कि इस शख्स को उसके सपनों वाली कार की राइड दे दो.

Advertisement
post-main-image
रील एक महंगे कार शोरूम की है. जहां BMW, Bentley और Rolls-Royce जैसी गाड़ियां खड़ी दिख रही हैं. (फोटो- रील स्क्रीनग्रैब)

अंग्रेजी में एक शब्द है ‘Dreams’. हिंदी भाषी लोग शब्द का अनुवाद ‘सपने’ के रूप में करते हैं. सपने वो जो हम सोते वक्त नहीं जागते हुए देखते हैं और उनके बारे में सोचते हैं. कुछ लोगों के सपने पूरे भी होते हैं. और जिनके नहीं होते, उनके सपने उनकी आंखों में, उनके व्यवहार तक में देखे जा सकते हैं. सोशल मीडिया वेबसाइट इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल है. इंस्टा वाले इन्हें रील कहते हैं. तो मान लीजिए कि एक रील वायरल है. रील एक महंगे कार शोरूम की है. जहां BMW, Bentley और Rolls-Royce जैसी गाड़ियां खड़ी दिख रही हैं. शोरूम के अंदर से किसी शख्स ने ये रील रिकॉर्ड की है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस वीडियो में एक विकलांग शख्स शोरूम के बाहर नजर आता है. हाथ में पन्नी पकड़े हुए. उसमें खाने के लिए कुछ दिख रहा है. शख्स शोरूम के मेन एंट्रेंस के बाहर से ही टकटकी लगाए कांच की वॉल से अंदर की ओर देखता है. मानो जैसे धूप हो, और वो शख्स धूप को आंखों में पड़ने से रोकने के लिए अपने हाथ को आंखों के सामने रखता है. लेकिन वो ये कांच की वॉल पर पड़ने वाली रोशनी को कम करने के लिए करता है. ताकि अंदर रखे बिग बॉय टॉयज वो एकदम क्रिस्टल क्लियर तरीके से देख सके. जैसे हम अपने सपनों को देखते हैं, और उनके पूरा होने की कामना करते हैं.

Advertisement

विकलांग सज्जन एक अन्य शख्स के साथ वहां पहुंचा होता है. कारों पर नजर मारने के बाद वो अपने साथी के पास जाता है. हर एक आम आदमी की तरह शोरूम के बाहर खड़ी एक कार के सामने ठहर जाता है. बोनट से सट कर वो पोज देता है. और उसका साथी उसकी फोटो खींच देता है. इसके बाद किया हुआ होगा, ये हम सब समझ सकते हैं. शख्स ने फोटोज किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड की होंगी. अपने साथियों और घरवालों को दिखाई होंगी. या हो सकता है ना भी दिखाई हों. लेकिन इस वीडियो में तो वो दिख गए, और वायरल भी हो गए. वायरल चीजें अपने साथ लाती हैं लोगों के बढ़िया-बढ़िया कमेंट्स. इस रील पर भी आए.

प्रणित नाम के इंस्टा यूजर ने लिखा,

“मैं इस शख्स को जानता हूं. ये मनिकोंडा इलाके के आसपास दिखते हैं. इनसे मैंने कई बार बातचीत भी की है. काफी जोशीले व्यक्ति हैं.”

Advertisement

श्रेयस नाम के सज्जन ने लिखा,

“प्लीज इस व्यक्ति को उनकी ड्रीम कार में राइड देकर सरप्राइज करें.”

रवि कुमार नाम के यूजर के इमोशन्स नहीं रुके. उन्होंने लिखा,

“वीडियो देख मैं अपने आप को रोने से नहीं रोक पाया.”

तन्मय नाम के यूजर ने लिखा,

“कुछ कहानियां अधूरी रह जाती हैं…”

वायरल रील पर ज्यादातर लोगों ने रील पोस्ट करने वाले सज्जन से कहा कि इस शख्स को उसके सपनों वाली कार की राइड दे दो. तो कई लोगों ने कार लवर्स की बात कही. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि वो आशा करते है कि ये शख्स किसी दिन अपने सपनों की कार खरीदे. वायरल रील देख कर आपने क्या सोचा कमेंट करके बताएं. साथ ही अपनी फेवरेट ड्रीम कार का नाम भी लिखें.

वीडियो: सोशल लिस्ट: दुकान के बाहर बैठे बच्चों को दिखाया कार्टून, वायरल वीडियो देख लोगों का मन भर आया

Advertisement