अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि वे जल्द ही ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को अमेरिका का इलाका घोषित कर देंगे. दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई का एक बड़ा हिस्सा इसी अहम समुद्री रास्ते से होकर गुजरता है. ट्रंप ने कहा कि ईरान को हराने के बाद यह कदम उठाया जाएगा. हालांकि, उन्होंने इसकी कोई स्पष्ट योजना नहीं बताई.
'होर्मुज जल्द अमेरिका का हिस्सा होगा...', तेल की बढ़ती कीमतों के बीच ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि वे Iran को हराने के बाद 'Strait of Hormuz' को अमेरिकी इलाका घोषित कर देंगे. ईरान पर अमेरिका के मिलिट्री अटैक पर उन्होंने कहा कि वे इसके लिए कभी भी माफी नहीं मांगेंगे.

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान लगभग छह महीने से चल रहे टकराव खत्म करना चाहते हैं और किसी समझौते पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने शुक्रवार, 14 अगस्त को कहा कि वॉशिंगटन ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाएगा. उन्होंने कहा,
"ईरान को हराने के बाद, मैं जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिका का इलाका घोषित कर दूंगा."
ग्लोबल एनर्जी के लिए ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ बहुत अहम है. दुनिया भर में तेल और लिक्विड नेचुरल गैस (LNG) की लगभग 20% शिपमेंट इस समुद्री रास्ते से होकर गुजरती है. इस हफ्ते तेल की कीमतें बढ़ गईं हैं और ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है. अमेरिका में भी पेट्रोल की कीमतें बढ़कर लगभग 4 डॉलर (करीब 382 रुपये) प्रति गैलन (3.78 लीटर) हो गई हैं.
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर क्या बोले ट्रंप?
राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अमेरिकियों से कहा कि वे पेट्रोल की थोड़ी ज्यादा कीमतें चुकाने को तैयार रहें, क्योंकि यह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने की कीमत है. ट्रंप ने कहा,
"हम जो कर रहे हैं, वह न सिर्फ हमारे लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी सेवा है."
उन्होंने कहा कि जो अमेरिकी पेट्रोल के लिए ‘थोड़ा ज्यादा’ पैसा दे रहे हैं, उन्हें इसके पीछे के बड़े मकसद को समझना चाहिए.
ये भी पढ़ें: 'ट्रंप को तुर्किए में मारना चाहता था ईरान, होटल के कमरे तक की इंटेल थी', US अफसरों का दावा
‘अमेरिका सख्त कदम उठाएगा’अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने 13 अगस्त को कहा था कि वॉशिंगटन अगले हफ्ते तेहरान को लेकर ऐसे कदम उठाएगा जो 'पहले कभी नहीं देखे गए'. इस बीच, डॉनल्ड ट्रंप ने तेहरान के खिलाफ अमेरिकी मिलिट्री एक्शन का बचाव भी किया. उन्होंने कहा कि वह ईरान पर हमला करने के लिए कभी माफी नहीं मांगेंगे.
वीडियो: डॉनल्ड ट्रंप ने फिर किया बड़ा दावा, ‘होर्मुज पर हमारा कंट्रोल’










