आप जब बाहर खाना खाने जाते हैं तो क्या-क्या सोचते हैं? पहला - क्या खाना है? दूसरा- कहां से खाना है? तीसरा और सबसे ज़रूरी सवाल - जहां खाना है, क्या वहां पर सफाई रहती है? (पैसा भी देखते ही हैं, लेकिन ये बात किसी को बताने वाली थोड़ी होती है!) यदि आप भी ऐसा ही करते हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है. डॉमिनोज़ पिज़्ज़ा के एक रेस्टोरेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तैर रहा है. इसमें डॉमिनोज़ का एक कर्मचारी पहले हंसता है और फिर अपनी एक उंगली नाक के अंदर डालता है और पिज़्ज़ा बेस के आटे पर उंगली पोंछ देता है. डॉमिनोज़ ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए माफ़ी मांग ली है, लेकिन जनता इस बात को इतनी आसानी जाने नहीं देना चाहती. आगे बात होती रहेगी, पहले आप वीडियो देख लीजिए -
Domino's के कर्मचारी ने पहले नाक में उंगली डाली और फिर पिज़्ज़ा के आटे पर पोछ दी!
अब डॉमिनोज़ ने माफी मांगी है. लेकिन जनता इस बात को इतनी आसानी से जाने नहीं देना चाहती है.


डॉमिनोज़ का ये रेस्टोरेंट जापान में है. जापान टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़ डॉमिनोज़ पिज़्ज़ा (जापान) ने माफ़ी मांगते हुए कहा,
"वीडियो के कारण हुई किसी भी तरह की परेशानी के लिए हम कस्टमर्स से माफ़ी मांगते हैं."
डॉमिनोज़ का कहना है कि वायरल वीडियो 12 फरवरी दोपहर 2 बजे के आसपास का है. वीडियो जापान के अमागासाकी शहर के स्टोर का है. 15 सेकेंड के इस वीडियो में एक डॉमिनोज़ कर्मचारी उंगली नाक में डालकर पिज़्ज़ा बेस के आटे में पोंछ देता है. वहीं दूसरा कर्मचारी उसका वीडियो बनाता है. 13 फरवरी को डॉमिनोज़ स्टोर ने काम बंद कर दिया था और दोनों कर्मचारियों को काम से निकाल दिया गया है.
ये भी पढ़ें: Domino's के पिज़्ज़ा से निकले शीशे के टुकड़े, शिकायत पर पिज़्ज़ावालों ने ये कहा!
माने कार्रवाई हो गई. लेकिन जनता तो नाराज़ है ही. एक यूजर ने लिखा,
“ये निंदनीय है, लेकिन डॉमी-नोज़ ( Domi-nose) भी काफ़ी फनी है.”
दूसरे यूजर ने डॉमिनोज़ के लिए लिखा,
“वैसे भी (डॉमिनोज़ का) पिज़्ज़ा अब तक का सबसे खराब पिज़्ज़ा है.”

एक और यूजर ने लिखा,
“तब तो आपको कभी नहीं देखना चाहिए कि जूस और चीनी की फैक्ट्रियों में क्या-क्या होता है?”
इतना सब होने के बाद डॉमिनोज़ ने कस्टमर्स को आश्वासन दिया है कि वो ध्यान रखेंगे कि आगे से ऐसा कुछ ना हो.
वीडियो: डॉमिनोज़ पिज़्जा पर कस्टमर से कैरी बैग के 13 रुपये लेने पर चंडीगढ़ में 10 लाख का फाइन लगा है












