...और डॉक्टर ऑपरेशन छोड़ कॉकरोच का वीडियो बनाने लगे
जय हो अस्पताल की.
Advertisement

Source: TV9 Marathi/Youtube
मुंबई में एक सीनियर सर्जन हैं. डॉक्टर संजय बरनवाल. एक बेचारे आदमी के पैर का ऑपरेशन कर रहे थे. लेकिन फिर एक ऐसी चीज हुई कि उन्हें ऑपरेशन रोककर मोबाइल से उसका वीडियो बनाना पड़ गया. हुआ ये कि ऑपरेशन थिएटर में कॉकरोच आ गया. ऑपरेशन थिएटर यानी अस्पताल में जिस जगह को सबसे साफ़ होना चाहिए, जो जगह सबसे ज्यादा संवेदनशील होती है, वहीं पर आपको कॉकरोच घूमता मिल जाए, तो एक डॉक्टर के तौर पर आप क्या करेंगे. और मरीज होंगे तो ये जानकार बेहोश ही हो जाएंगे कि इस जगह इलाज हो रहा है आपका. मुंबई मिरर की इस खबर के मुताबिक़ कालवा हॉस्पिटल पहले से बदनाम है. डॉक्टर संजय पहले भी इस अस्पताल की शिकायत कर चुके हैं. लेकिन हॉस्पिटल को पेस्ट और इन्फेक्शन से मुक्त रखने के लिए कुछ नहीं लिया. ये अस्पताल थाने म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चलाता है. और डॉक्टरों की मानें तो अस्पताल से इलाज करवाने के बाद एक-चौथाई मरीज ऑपरेशन के बाद होने वाले इन्फेक्शन का शिकार हुए हैं. लगभग 15 दिन पहले भी एक डॉक्टर ने ऑपरेशन थिएटर में एक कॉकरोच को देखा था. उसने खुद ही उसको मारकर ठिकाने लगा दिया. उसके बाद शिकायत की. लेकिन इस बार जब डॉक्टर संजय को कॉकरोच दिखा तो उन्होंने वीडियो बना लिया. डॉक्टर ने इस बात का ध्यान रखा कि मरीज को किसी तरह की तकलीफ न हो, न ही उसकी सेहत से कोई खिलवाड़ हो. टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने जब अस्पताल की डीन सी मैत्रा से बात की, तो उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर और ICU के बीच कुछ कचरा जमा हो गया है. इसी वजह से थोड़ी तकलीफ है. जल्दी ही सफाई हो जाएगी. और जब कॉकरोच पर सवाल पूछा गया तो साफ़ मना कर दिया कि ऑपरेशन थिएटर में कभी ऐसा हुआ था. डॉक्टर बता रहे हैं कि न तो अस्पताल खुद सफाई का ध्यान रखता है, न ही सफाई का ध्यान रखने के लिए कोई कमिटी बनाई गई है.
Advertisement










