The Lallantop

वाराणसी जा रही फ्लाइट के टॉयलेट में लिखा था 'बम', प्लेन से लोग कूदने लग गए!

दिल्ली के IGI Airport पर Bomb प्लांट होने की सूचना मिली. जिसके बाद कुछ यात्री इमरजेंसी गेट तो कुछ मेन गेट से कूदने लगे.

Advertisement
post-main-image
दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट को कराना पड़ा खाली (फोटो: स्क्रीनशॉट/ANI)

दिल्ली में एक बार फिर बम रखे जाने की धमकी (Bomb Threat) मिली है. हालांकि इस बार वो जगह कोई कोई स्कूल और अस्पताल नहीं, बल्कि दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) है. जहां इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट में टॉयलेट के टिशू पेपर पर बम प्लांट होने की बात लिखी हुई थी. इसकी सूचना के बाद फ्लाइट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ यात्री इमरजेंसी गेट तो कुछ फ्लाइट के मेन गेट से नीचे कूदने लगे. 

Advertisement

फ्लाइट दिल्ली से वाराणसी जा रही थी. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक फ्लाइट को जांच के लिए एयरपोर्ट के आइसोलेशन-वे में ले जाया गया. सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी. एयरपोर्ट ऑफिसर के मुताबिक एविएशन सिक्योरिटी, डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और फ्लाइट का निरीक्षण किया गया. CISF के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा,

“दिल्ली एयरपोर्ट पर दिल्ली से वाराणसी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E2211 के टॉयलेट में एक टिशू पेपर मिला, जिस पर बम लिखा हुआ था. जिसके बाद सिक्योरिटी एजेंसियों ने निरीक्षण किया. लेकिन यह एक अफवाह निकली और सिर्फ सनसनी फैलाने के इरादे से किसी ने यह हरकत की थी.”

Advertisement

वहीं, दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा,

“सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की सूचना हमें मिली. हमारी क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची. सभी यात्रियों को प्लेन के इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया. इस दौरान कुछ यात्री घबराकर विमान से नीचे कूदने लगे. हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं.”

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR के 50 स्कूलों में बम की खबर से अफरातफरी, रूस से भेजे गए थे ईमेल

Advertisement

इस पूरी घटना को लेकर इंडिगो की तरफ से भी बयान जारी किया गया है. एयरलाइन की तरफ से कहा गया,

“दिल्ली से वाराणसी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E2211 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी मिली. इसके बाद सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया और एयरपोर्ट सिक्योरिटी एजेंसियों के दिशानिर्देशों के अनुसार विमान को एयरपोर्ट के मेन एरिया से दूर ले जाया गया. सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.”

एयरलाइन की तरफ से बताया गया कि सभी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद, विमान को वापस टर्मिनल क्षेत्र में ले जाया जाएगा.

वीडियो: दिल्ली-NCR के 50 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, पुलिस जांच कर रही है

Advertisement