‘पुलिसकर्मी घर से वर्दी पहनकर ड्यूटी पर न जाएं. आने-जाने के दौरान सिविल ड्रेस में रहें’. सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि पंजाब पुलिस की ओर से प्रदेश के सभी पुलिसवालों के लिए ये एडवाइजरी जारी की गई है. इस वायरल ऑडियो में पंजाब में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर उनसे घर से वर्दी पहनकर आने-जाने से बचने को कहा गया है. इसमें ये भी कहा गया है कि पुलिसकर्मी थाने पहुंचकर वर्दी पहनें.
‘पुलिसवाले वर्दी में थाने न आएं', पंजाब में इस वायरल ऑडियो ने बवाल मचा दिया
पंजाब में सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल है. इसमें दावा किया जा रहा है कि पंजाब पुलिस की ओर से प्रदेश के सभी पुलिसवालों के लिए ये एडवाइजरी जारी की गई है. इसपर बवाल होने के बाद पुलिस अफसरों की सफाई भी आई है.

ऑडियो में दावा किया गया कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर आने-जाने के दौरान सिविल ड्रेस में रहना चाहिए. साथ ही, पुलिसकर्मियों को अकेले ट्रैवल न करने, आने-जाने का समय और रास्ता तय न रखने और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने जैसी बातें भी कही गई हैं. वायरल ऑडियो सामने आने के बाद इस कथित एडवाइजरी को लेकर पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे. विपक्षी नेताओं ने भी इसे मुद्दा बना लिया.
कांग्रेस-भाजपा ने उठाए सवालकांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी वायरल ऑडियो को शेयर करते हुए पंजाब सरकार पर हमला बोला.
कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने X पर लिखा,
‘यह उस गृह मंत्री की चिंताजनक स्थिति का नतीजा है जो पंजाबियों की सुरक्षा और पंजाब पुलिस के मनोबल को बनाए रखने की बजाय विपक्ष पर कटाक्ष करने, राजनीतिक बयानबाजी और ड्रामेबाजी में अधिक रुचि रखते हैं. जब पुलिसकर्मियों को ही यात्रा के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए कहा जा रहा है, तो मुख्यमंत्री से सवाल पूछने का समय आ गया है. भगवंत मान जी पंजाब की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी वास्तव में किसके पास है?’
बीजेपी की तरफ से भी इसी मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए गए. शिरोमणि अकाली दल के जनरल सेक्रेटरी बिक्रम सिंह मजीठिया ने सवाल उठाया कि अगर पुलिसकर्मियों को ही अपनी वर्दी छिपाकर चलने की जरूरत पड़ रही है तो राज्य में सुरक्षा की स्थिति कैसी है.
पुलिस की सफाई आईपंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साफ किया है कि न तो पुलिस मुख्यालय और न ही उसके अधीन किसी पुलिस ऑफिस ने ऐसी कोई एडवाइजरी जारी की है, जिसमें पुलिसकर्मियों से ड्यूटी पर जाते या लौटते वक्त वर्दी नहीं पहनने को कहा गया हो.
ये भी पढ़ें: पंजाब में ASI की गोली मारकर हत्या, तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली जिम्मेदारी
ऑडियो पर इतना बवाल क्यों?अमृतसर में पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की हत्या के बाद ये ऑडियो वायरल होना शुरू हुआ. 18 सितंबर की रात अमृतसर के गेट हकीमा थाना इलाके में ड्यूटी के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने ASI हरजीत सिंह को गोली मार दी थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और शहर में कई जगह नाकाबंदी की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी इनपुट और स्थानीय जानकारी के आधार पर 20 साल के दीपक सिंह को इस मामले में आरोपी बताया. पंजाब पुलिस ने इस मामले में पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से कनेक्शन का दावा भी किया है. पुलिस के मुताबिक, ASI हरजीत सिंह की हत्या के बाद आरोपी कथित तौर पर घटनास्थल पर दोबारा लौटे और करीब 30 से 40 सेकेंड का वीडियो बनाया, जिसे सीमा पार मौजूद हैंडलर्स को भेजा जाना था. हालांकि, इन दावों की जांच अभी जारी है.
वीडियो: रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब पुलिस ने क्यों हिरासत में लिया?













