देश की राजधानी दिल्ली में 29 मई को 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड (Delhi record highest-ever temperature) होने की बात कही जा रही है. हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने (IMD) ने अपनी प्रेस रिलीज में इसे लेकर स्पष्टीकरण भी दिया है. उसने बताया है कि मुंगेशपुर में दर्ज किया गया 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान आउटलाइअर (Outlier) है. इसका मतलब ऐसे सांख्यिकीय ऑब्जर्वेशन से है जो किसी सामूहिक संख्या के औसत आंकड़े से काफी ज्यादा होता है, और जिसका इस्तेमाल सामान्य निष्कर्ष निकालने के लिए नहीं किया जा सकता.
दिल्ली में गर्मी तोड़ रही सारे रिकॉर्ड, पारा 50 के पार जाने की अटकलें, IMD ने क्या बताया?
केंद्रीय मंत्री किरेण रिजिजू ने भी कहा है कि ये आधिकारिक आंकड़ा नहीं है और दिल्ली में पारे का 52.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचना बहुत मुश्किल है.

IMD ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया है कि हो सकता है नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के मुंगेशपुर में ये तापमान सेंसर में गड़बड़ी की वजह से रिकॉर्ड हुआ हो. अब यहां 'गड़बड़ी' का मतलब तापमान मापने में हुई गड़बड़ी से नहीं है. ये एक्सपेरिमेंटर एरर होता है, जिसकी वजह सेंसर या कोई लोकल फैक्टर हो सकता है. IMD ने कहा है कि वो 52.9 डिग्री तापमान को लेकर अपने डेटा और सेंसर्स की जांच कर रहा है. केंद्रीय मंत्री किरेण रिजिजू ने भी कहा है कि ये आधिकारिक आंकड़ा नहीं है और दिल्ली में पारे का 52.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचना बहुत मुश्किल है.
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो 29 मई की दोपहर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान 45.2 से 49.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इससे पहले 28 मई के दिन मुंगेशपुर और उत्तरी दिल्ली के नरेला में 49.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड गया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग 8 हजार 302 मेगावाट तक पहुंच गई. ये अब तक की सर्वाधिक डिमांड है.
दिल्ली के बाद राजस्थान के फलौदी में 51 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है. हरियाणा के सिरसा में तापमान 50.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण आज दक्षिणी राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, उदयपुर, सिरोही और जालौर में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. ये उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी में कमी आने का संकेत हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली और NCR, गोहाना, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा (हरियाणा), पिलखुआ, हापुड़, गुलौटी, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर (UP) के कुछ स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की तीव्रता वाली बारिश और 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
अगले दो दिन का मौसम?मौसम विभाग की मानें को उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति 30 मई से धीरे धीरे कम होने की संभावना है. 31 मई को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति रहने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में 01 जून, 2024 को लू की स्थिति का अनुमान है. हालांकि, आने वाले दिनों में लू के प्रभाव में कमी देखने को मिल सकती है.
वीडियो: सेहत: गर्मियों में ठंडा-गर्म आपको बीमार क्यों कर देता है? इससे बचने का उपाय डॉक्टर से जानिए









