अगर वीडियो अधिक बफर होने की वजह से नहीं देख पाए हो. या पहले पढ़ के बाद में वीडियो देखना चाहते हो तो ये जान लो इसमें क्या है. वीडियो में एक गेरुए कलर के कुर्ते में पुजारी जी ताजमहल के ठीक सामने बैठे हैं. ध्यान से देखने पर याद आता है कि ये तो वही हैं जो फेसबुक पर प्रवचन देते हैं. बढ़िया मॉडर्न लुक में सज धज के. तभी ताजमहल पर फोटो खींचने वाले लोग, लोकल सिक्योरिटी स्टाफ का बंदा वहां उनको रोकता है. वो उससे कहते हैं कि वो रुटीन पूजा कर रहे हैं. वो लोग दीपक जी को समझाते हैं कि यहां कोई रुटीन पूजा नहीं होती. तो वो कहते हैं कि फिर सबको रोको. यहां नमाज भी नहीं होनी चाहिए. तो सिक्योरिटी वाले दादा समझाते हैं कि उनके पास सुप्रीम कोर्ट का आदेश है. तुम भी ले आओ और पूजा करो. दीपक जी अराजकता का रोना रोते हैं, जो वो खुद फैला रहे थे. तब तक कोई ऊपर का अफसर उनको हड़काते धकियाते हुए वहां से बाहर निकाल देता है.

Image: Youtube
ये बंदा नियम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए हिंदुत्व का मखौल बना रहा है. इस पर 'सच्चे हिंदुओं' की भावनाएं आहत होनी चाहिए. लोग पूजा पाठ आत्मा की शांति के लिए करते हैं. ये बाबू जी दंगा भड़काने के लिए करते हैं. पता नहीं किस पिन्नक में ये एक के बाद एक नियम तोड़ते हुए फॉलोवर्स बढ़ाते जा रहे हैं. किसी फिल्म के एक डायलॉग की वजह से फिल्म रोक देने वाले, या धरती के किसी कोने में FIR कर देने वाले कान में लकड़ी डाल के बैठे हैं. उनको इस हरकत से अपना धर्म खतरे में नहीं दिख रहा. शिव जी का भी मन इनके माथे पर तांडव करने का हो रहा होगा. उनकी पूजा का ये आदमी मजाक उड़वा रहा है.

Image: Youtube
यूपी की सरकार हो या सुप्रीम कोर्ट, सबको टिली लिली धुप करके रखा है. योगी जी ने कहा कि हमारे पास ताजमहल को लेकर प्लान हैं. संगीत सोम को डपट दिया. संगीत सोम ने कहा था कि ये अत्याचारी शाहजहां ने बनवाया, इसलिए ये हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं. लेकिन इनकी बत्ती अलग ही जल रही है. भाई ने मजाक में शुरू किया खेल काफी फैला लिया है. ये वैसा ही है जैसे पेड़ के नीचे चाय बेचने वाले आदमी बढ़िया सा रेस्टोरेंट खोल ले. आज भाई के वीडियोज वायरल हो रहे हैं. खबर लिखे जाने तक एक मिलियन से ज्यादा फेसबुक व्यूज और 33 हजार के लगभग शेयर्स हैं.

Image: Youtube
भाई ने नब्ज पकड़ ली है. धर्म और जाति पर हमारे यहां भोले लोग जल्दी पट जाते हैं. भावुक हो जाते हैं. भावनाओं पर उनको कित्ता भी नचा लो. अब इस भाई के पीछे ढेर सारे बेरोजगारों की फौज होगी लेकिन वो एक लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे. वो वोट देने लायक हैं. कोई पार्टी इनको पकड़ लेगी और वो उसके खाते में चले जाएंगे. सबसे सॉलिड धंधा है. मेमे बनाना शुरू करो और राजा बाबू बन जाओ.
ये एक और वीडियो देख लो. इसे मीलार्ड अर्थात सुप्रीम कोर्ट को समर्पित किया गया है. दिल्ली में पटाखा बिकना बैन होने के बाद ये सुप्रीम कोर्ट को चिढ़ा रहे हैं. अगर बेचते तो कुछ बात भी थी. ऐसी गीदड़भभकी किस काम की?
एक वीडियो और देख लो. जिससे पता चलता है कि भाई को पूजा करने के लिए मंदिरों में कोई इंट्रेस्ट नहीं रह गया. मस्जिद में पूजा होगी तो भगवान परम प्रसन्न हो जाएंगे. अब भगवान भले प्रसन्न हों या न हों, इनके चेले चपाटे तो प्रसन्न होंगे ही.
चलो मेमे वाले भैया की कहानी बहुत हो गई. आपका टेम खोटी करने के लिए सॉरी रहेगा. लेकिन अपने आस पास के ऐसे अजूबों को जानना भी आपका अधिकार है. हमारा वादा है जो चीज आपको व्हाट्सऐप पर नहीं मिलेगी, वो सब देंगे. टेंसन न लो.
अब एक वीडियो ये भी देख लो. ताजमहल हमारी संस्कृति का हिस्सा क्यों नहीं है, पता चल जाएगा.
ये भी पढ़ें:
देश में 'मेमे' के नए चेहरे दीपक शर्मा का एक्सक्लूज़िव इंटरव्यू














