The Lallantop

हिमाचल प्रदेश के सोलन में बादल फटने से सात लोगों की मौत, भयंकर बारिश ने मचाई तबाही

CM सुखविंदर सिंद सुक्खू ने ट्वीट कर दुख जताया.

Advertisement
post-main-image
हिमाचल प्रदेश के सोलन में फटा बादल. (फोटो- ANI)

हिमाचल प्रदेश के सोलन (Solan) जिले में बादल फटने (Cloud Burst) से सात लोगों की मौत हो गई है. धावला सब-तहसील के जादोन गांव (Jadon Village) में ये हादसा 13-14 अगस्त की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे हुआ. अब तक छह लोगों को मौके से रेस्क्यू किया गया है. मामले पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंद सुक्खू ने ट्वीट कर दुख जताया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

कंडाघाट सब डिविजन के SDM सिद्धार्थ आचार्य ने बताया कि जादोन गांव में बादल फटने से दो घर और एक गौशाला बह गई. मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. तीन लोगों के लापता होने की भी खबर है. हादसे की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं. पूरा गांव मलबे से ढका हुआ नजर आ रहा है. 

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गांव की तरफ जाने वाली सड़क दोनों तरफ से डैमेज हो गई थी जिसके चलते रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में काफी मुश्किल हुई. CM सुक्खू ने ट्वीट में लिखा,

सोलन जिले के गांव जादोन में बादल फटने की दुखद घटना में 7 लोगों की मौत के बारे में सुनकर दुख हुआ. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. हमने अधिकारियों को इस कठिन घड़ी के दौरान प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

इस बीच हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है. राज्य में लगातार चार दिन से भारी बारिश हो रही है. इसकी वजह से राज्य में कई सड़कें बंद हो चुकी हैं. शिमला, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर जिले में बारिश ने सबसे ज्यादा मुश्किलें पैदा की है. शिमला में लैंडस्लाइड की वजह से लोग दहशत में आ गए हैं. जबकि सोन नदी में उफान के चलते मंडी और धर्मपुर में घरों और खेतों में जलभराव हो गया है. बारिश को देखते हुए हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ने 14 अगस्त को प्रस्तावित सभी परीक्षाओं को कैंसिल कर दिया है.

Advertisement
उत्तराखंड में भी बुरा हाल

उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. हरिद्वार में गंगा नदी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है. बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने देहरादून, पौड़ी और चम्पावत स्कूल को बंद रखने का फैसला किया है. जबकि हिमाचल में भारी बारिश को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी व निजी स्कूल-कॉलेज को 14 अगस्त को बंद रखने का फैसला किया गया है.

वीडियो: ग्राउंड रिपोर्ट: 'अब कुछ नहीं बचा', यमुना की बाढ़ में बर्बाद हुए किसानों को सुन दिल भर आएगा!

Advertisement