इक्वाडोर में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फर्नेंडो विलाविसेंशियो की हत्या कर दी गई है. वो एक चुनावी रैली से लौट रहे थे. उसी समय उनके सिर पर 3 गोलियां मारी गईं जिससे उनकी मौत हो गई. फर्नेंडो देश में बढ़ते करप्शन और अपराध पर मुखर होकर बोलते थे. उनकी हत्या के बाद इक्वाडोर के राष्ट्रपति गुइलेर्मो लासो ने सिक्योरिटी ऑफिशियल्स की बैठक बुलाई है और कहा है कि आरोपियों का बख्शा नहीं जाएगा. राष्ट्रपति ने देश में आपातकाल की घोषणा भी कर दी है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ा था. हालांकि, सिक्योरिटी ऑफिशियल्स की तरफ से की गई गोलीबारी में उसकी मौत हो गई.
राष्ट्रपति चुनाव से 10 दिन पहले प्रमुख उम्मीदवार की हत्या, सिर में मारीं 3 गोलियां
इक्वाडोर में 20 अगस्त को पहले चरण की वोटिंग होनी है. फर्नेंडो विलाविसेंशियो की हत्या के बाद देश में आपातकाल लगा दिया गया है.


फर्नेंडो का जन्म इक्वाडोर के अलौसी में हुआ था. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की थी. लेकिन रुख राजनीति की तरफ भी था. फर्नेंडो ने कॉलेज से निकलने के बाद एक पार्टी भी बनाई. नाम पचकुटिक पार्टी. इसका झुकाव वामपंथ की तरफ था. लेकिन पार्टी ने कुछ ख़ास सफलता हासिल नहीं की. साल 1999 में फर्नेंडो एक ऑइल कंपनी से भी जुड़े और एक ट्रेड यूनियनिस्ट की हैसियत से काम भी किया.
ये सब आज़माने के बाद फर्नेंडो अपने पुराने शौक की तरफ वापस लौटे, पत्रकारिता. उन्होंने ‘एल यूनिवर्सो’ न्यूज़पेपर ज्वाइन किया. ये इक्वाडोर में सबसे ज़्यादा पढ़े जाने वाले न्यूज़पेपर्स में से एक है. अखबार में फर्नेंडो उस समय के राष्ट्रपति गुस्तावो नोबोआ और उनकी सरकार की आलोचना किया करते थे. उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाया करते. लेकिन उनकी अखबार की फंडिंग पर कई सवाल उठते, इस वजह से उनकी आवाज़ कई बार हल्की पड़ जाती.
साल 2015 में फर्नेंडो ने इक्वाडोर की मशहूर वकील सिंथिया विटेरी के साथ मिलकर विकीलीक्स को कुछ सीक्रेट डाक्यूमेंट्स भी भेजे थे. इन डाक्यूमेंट्स में खुलासा किया गया था कि इक्वाडोर में कैसे एक इटली की कंपनी के द्वारा राजनेताओं और पत्रकारों की जासूसी की जा रही है.
फर्नेंडो ने कई बड़े राजनेताओं से पंगे लिए. साल 2014 में उन्होंने राष्ट्रपति राफेल कोरिया पर कुछ आरोप लगाए. राष्ट्रपति ने उन आरोपों से इनकार करते हुए फर्नेंडो पर मानहानि का केस ठोक दिया. फर्नेंडो को 18 महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई.
साल 2021 में वो पहली बार नेशनल असेंबली चुनकर पहुंचे. उसके बाद से उन पर कई बार जानलेवा हमलों के प्रयास हुए. सितंबर 2022 में उनके क्विटो स्थित घर में गोलियां भी चली थीं लेकिन वो जैसे-तैसे बचने में कामयाब रहे.
मई 2023 में राष्ट्रपति गुइलेर्मो लासो ने नेशनल असेंबली भंग कर दी. फर्नेंडो का कार्यकाल भी समाप्त हो गया. इसी मौके का फायदा देखते हुए उन्होंने आगामी चुनाव में अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर डाली. वे राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे. फर्नेंडो देश में बढ़ते भ्रष्टाचार, क्राइम और पर्यावरण संरक्षण पर मुखरता से बात रखनी शुरू की. उन्होंने इक्वाडोर में बढ़ते गैंग कल्चर की वजह से अपने देश को ‘नार्को स्टेट’ तक बता डाला.
20 अगस्त को पहले चरण की वोटिंग होनी है. उसी की तैयारी में सब लगे हुए थे. इस बार राष्ट्रपति की कुर्सी के लिए 8 उम्मीदवार हैं. उनमें फर्नेंडो भी शामिल थे. उनकी दावेदारी मज़बूत बताई जा रही थी. इसी के लिए 9 अगस्त को वो एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे. रात का वक्त था, सभा के खत्म होने के बाद फर्नेंडो अपनी कार की तरफ जा रहे थे उसी वक्त एक अनजान व्यक्ति ने उन पर गोलियों से हमला किया. सीधे सिर पर 3 गोलियां चलाईं. मीडिया रपटों के मुताबिक उन पर हैंड ग्रेनेड भी फेंका गया. फर्नेंडो को पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
मीडिया रपटें ये भी बता रही हैं कि हत्या से एक दिन पहले फर्नेंडो ने एक अनाम ऑइल बिज़नेस के बारे में न्याय मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपी थी. इस रिपोर्ट के बारे में फिलहाल कोई भी डिटेल सामने नहीं आई है. हाल ही में फर्नेंडो को एक ड्रग गैंग की तरफ से जान से मारने की धमकी भी मिली थी.
वीडियो: दुनियादारी: कोर्ट के आदेश के बावजूद इमरान ख़ान की जेल बदली गई, फौज क्या करने वाली है?















