The Lallantop

पेन डे मना रही थीं छात्राएं, नाराज प्रिंसिपल ने उतरवा दी शर्ट, 100 छात्राएं ब्लेजर में घर गईं

Jharkhand: छात्राएं एग्जाम के आखिरी दिन Pen Day मना रही थीं. प्रिसिंपल को जब पता चला तो उन्होंने फटकार लगाते हुए उनकी शर्ट उतरवा लीं. अब इस पर बवाल हो रहा है?

Advertisement
post-main-image
अभिभावकों ने प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग की है (फोटो: आजतक)

झारखंड के धनबाद (Dhanbad) से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. जहां एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल को छात्राओं की खुशियां रास नहीं आईं. दरअसल छात्राएं एग्जाम के आखिरी दिन पेन डे (Pen Day) मना रही थीं. इस दौरान वे एक-दूसरे की शर्ट पर शुभकामना संदेश लिख रही थीं. प्रिसिंपल को जब पता चला तो उन्होंने फटकार लगाते हुए उनसे उनकी शर्ट उतरवा ली. जिससे छात्राओं को मजबूरन सिर्फ ब्लेजर पहनकर ही वापस घर जाना पड़ा. इस मामले को लेकर स्थानीय डिप्टी कमिश्नर माधवी मिश्रा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है पूरा मामला?

इंडिया टुडे से जुड़े सिथुन मोदक की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला धनबाद के एक प्राइवेट स्कूल का है. जहां कक्षा 10 की छात्राओं का गुरुवार, 9 जनवरी को आखिरी एग्जाम था. इसलिए वे पेन डे मना रही थीं. पेन डे के दौरान स्टूडेंट्स एक-दूसरे की शर्ट पर शुभकामनाएं मैसेज लिखते हैं. यहां भी यही हो रहा था. छात्राएं आपस में एक-दूसरे की शर्ट पर शुभकामनाएं लिख रही थीं. लेकिन ये बात स्कूल के प्रिंसिपल को बिल्कुल रास नहीं आई. उन्होंने लगभग सौ छात्राओं की क्लास लगा दी. बता दें कि इस स्कूल की प्रिंसिपल एक महिला हैं.

इसके बाद प्रिंसिपल ने छात्राओं से उनकी शर्ट उतरवा दी. वो यही नहीं रुकीं. शर्ट उतारने के बाद उन्होंने दोबारा उसे पहनने भी नहीं दिया. छात्राओं को सिर्फ ब्लेजर पहनने दिया गया और ब्लेजर पहनकर ही छात्राएं अपने-अपने घर गईं. घर जाने के बाद छात्राओं ने रोते हुए परिजनों को आपबीती सुनाई. जिसके बाद छात्राओं ने धनबाद DC माधवी मिश्रा के ऑफिस जाकर प्रिंसिपल की शिकायत की. घटना की जानकारी पाकर स्थानीय विधायक रागिनी सिंह भी DC ऑफिस पहुंचीं.

Advertisement
‘महिला होकर लड़कियों के साथ ये हरकत’

झरिया इलाके की विधायक रागिनी सिंह ने इस घटना को पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया है. उन्होंने कहा-

“प्रिंसिपल एक महिला होकर लड़कियों के साथ इस तरह की हरकत कैसे कर सकती हैं. इस पूरे मामले पर एक टीम गठित कर जांच का आदेश दिया गया है.”

DC माधवी मिश्रा ने भी मामले को लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा-

Advertisement

“इस मामले को पूरी तरह से गंभीरता से लिया गया है. एक जांच कमेटी बनाई गई है. इस जांच कमेटी के द्वारा जांच कर पूरी रिपोर्ट सौंपी जाएगी. इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.”

वहीं अभिभावकों का कहना है कि यह एक तालिबानी फरमान है. उन्होंने प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग की है.

वीडियो: जन्मदिन पार्टी में कपड़े उतारे, पेशाब कर परेशान किया, लड़के ने जान दे दी

Advertisement