The Lallantop

मैदान के बाहर धोनी के 5 चम्माचम्म वीडियो

धोनी तब मैदान पर क्रिकेट नहीं खेल रहे थे. कुछ और कर रहे थे.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
महेंद्र सिंह धोनी. वो प्लेयर जो आया और जम गया. जिसने अपना खूंटा खुद गाड़ा. इंडियन क्रिकेट टीम का कप्तान बना. टीम को उन ऊंचाइयों पर ले गया जहां पहुंचते-पहुंचते फेफड़ों को रफू करवाने की नौबत आ जाती है. धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं जिसने 50 ओवर का वर्ल्ड कप, 20 ओवर का वर्ल्ड कप और चैम्पियंस ट्रॉफी, ये तीनों टूर्नामेंट जीते. लेकिन धोनी के लिए दीवानगी सिर्फ मैदान पर उनकी मौजूदगी से नहीं है. एक चुंबक इस आदमी की पर्सनैलिटी में फिट है, जो मैदान के बाहर भी उसी इंटेंसिटी से काम करती है. हमने सुना है कि वो किसी का फ़ोन भी नहीं उठाते. एक वक़्त था जब किसी को धोनी से कोई बहुत ज़रूरी बात करनी होती थी तो रैना को फ़ोन लगाता था. रैना वो मैसेज धोनी तक पहुंचाते थे. श्रीनिवासन एक मोबाइल फ़ोन देना चाहते थे धोनी को. जिससे वो हमेशा धोनी के कॉन्टैक्ट में रह सके. मगर धोनी ने वो भी न होने दिया. वो अपने घर में रहते हैं. अपने पालतू कुत्तों, अपनी राइफल और गाड़ियों के बीच. साथ में पत्नी और बिटिया. बिटिया की फ़ोटो और उसके साथ बनाये स्नैपचैट वीडियोज! अहो! धोनी बेहद रिज़र्व इंसान हैं. और इसी रिज़र्वेशन के बीच कुछ ऐसी बातें हुईं जो हमेशा के लिए यूट्यूब और हमारे मन में जमा हो गई हैं. इसका चुनिंदा कलेक्शन, आपके लिए. ख़ासमख़ास. 1. रिपोर्टर के मज़े लिए इंडिया ताज़ी-ताज़ी वेस्ट इंडीज़ से हारी थी. हार छोटी नहीं थी. वर्ल्ड टी-20 से बाहर हुए थे. अपने ही देश में. ऑस्ट्रेलिया को हारने के बाद कहा जा रहा था कि इंडिया को जीतने से कोई भी नहीं रोक सकता था. जबकि वेस्ट इंडीज़ ने आखिरी ओवर के आखिरी हिस्से में इंडिया को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. बाद-ए-मैच, मैच कांफ्रेस हुई. एक रिपोर्टर ने धोनी से पूछा कि रिटायरमेंट के बारे में कुछ सोच रहे हैं क्या? धोनी ने जो किया वो पहली बार हुआ. धोनी ने रिपोर्टर को अपने पास बुलाया. एक कुर्सी खींची और उसे बगल में बिठा लिया. और फिर उससे बातें की. बातें क्या, उसके मजे ले लिए. https://www.youtube.com/watch?v=2n6qfSutlag
2. विशाखापत्तनम में बाइकसवारी धोनी बाइक के प्रेमी हमेशा ही रहे हैं. उनके पास एक जखीरा है. मोटरसाइकिलों का. विशाखापत्तनम में मैच होना था. धोनी प्रैक्टिस करके होटल जा रहे थे. बाइक से. पीछे श्रीसंत बैठे हुए थे. लोगों ने सड़क पर उन्हें पहचान लिया. भले ही धोनी हेलमेट के नीचे थे. मगर बड़ा आदमी दिख ही जाता है. वीडियो बन गया. https://www.youtube.com/watch?v=huQWFhFUqP8
3. मियां मुशर्रफ की धोनी को सलाह धोनी का पहला पाकिस्तानी टूर था. इस समय तक धोनी खुद को और अपने शॉट्स को स्थापित कर चुके थे. शोएब बनाम तेंदुलकर की बातें तो हमेशा ही होती थीं. इस बार शोएब वर्सेज़ धोनी की भी बात हो रही थी. धोनी ने सो किया भी. खूब हौंका. कोई कोताही नहीं बरती. इंडिया सीरीज़ जीत चुका था और धोनी ने ही वो मैच जिताया था. जिस मैच में परवेज़ मुशर्रफ़ खुद मैच देखने के लिए आये हुए थे. ये वो वक़्त था जब मुशर्रफ़ पाकिस्तान में तानाशाही का डंका बजा रहे थे. मुशर्रफ ने मैच खत्म होने के बाद प्रेज़ेंटेशन सेरेमनी में माइक पकड़ा और कहा कि वो सबसे पहली बधाई धोनी को देना चाहते हैं और उसके बाद उन्होंने धोनी को सलाह दी कि वो अपने बाल न कटवायें. इन बालों में वो अच्छे लगते हैं. https://www.youtube.com/watch?v=Kuy2OLZMasA
4. शूट के दौरान मस्ती टीम इंडिया की नयी सीरीज़ शुरू हो रही थी. सीरीज़ शुरू होने के पहले, टीवी पर आने वाले ग्राफ़िक्स के लिए एक शूट होता है. इसी शूट में धोनी सहित कई और प्लेयर्स भी मौजूद थे. माहौल हल्का था. फुल्का भी. धोनी लोगों की खिंचाई कर रहे थे. अपनी शूट में एकदम सीरियस और प्रोफेशनल. https://www.youtube.com/watch?v=y_Y3ned8xUM
5. बेटी ज़ीवा के साथ धोनी फ्लाइट में हैं. बगल की सीट पर उनकी बिटिया बैठी हुई है. वो बड़े ही गौर से सब कुछ देख-सुन रही थी. धोनी को एयरलाइन क्रू कुछ समझा रहा है. धोनी सब कुछ समझने की कोशिश कर रहे थे. मगर उनसे ज़्यादा मगन खुद ज़ीवा लग रही थीं. क्यूट शब्द शायद ज़ीवा के गर्दन की हरकतों के लिए ही बना था. (वीडियो में एक ही क्लिप लूप हुई है. थोड़ा सा ही देखना काम कर देगा.) https://www.youtube.com/watch?v=QxnadAAohKI
 ये भी पढ़ें:

धोनी वो बाप है, जिसने बच्चे की साइकिल छोड़ दी है और गुमान से खड़ा है

होता है जब आदमी को अपना ज्ञान, कहलाए वो MS धोनी!

 

Advertisement
Advertisement