तस्वीरें पीटीआई और ट्विटर से साभार हैं.
राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा. हाल में उन्होंने एक विवादित बयान दिया था. कहा था कि वो उनके इलाके की सड़क कैटरीना कैफ के गाल की तरह बनाएंगे. बयान पर खूब बवाल हुआ. जमकर राजेंद्र गुढ़ा की आलोचना भी हुई. अब खबर है कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को भी अपने मंत्री का बयान कतई पसंद नहीं आया है. उन्होंने कहा है कि लोगों को अपनी मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए. मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के बयान को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभी मंत्रियों को सलाह दी है कि वे अपने भाषणों में शालीनता रखें.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की ख़बर के अनुसार अशोक गहलोत ने सूरत में कहा कि इस तरह की टिप्पणियां करना अनुचित है. उन्होंने कहा,
कई बार ऐसी टिप्पणियां राजस्थान से आती हैं तो कभी दूसरे राज्यों से आती हैं. ऐसी टिप्पणियां राजस्थान से दी जाएं या बाहर से, उन्हें शालीनता की सीमा के अंदर होना चाहिए. अगर आप हद से बाहर राजनीति करते हैं तो कोई इसे पसंद नहीं करेगा. मुझे नहीं पता कि मंत्री ने किस संदर्भ में ये टिप्पणी की. हम इसका पता लगा लेंगे. मैं केवल इतना कह सकता हूं कि हर व्यक्ति की गरिमा होनी चाहिए. मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों को अपने बयानों और व्यवहार में अधिक गरिमा रखनी चाहिए.
वृंदा करात ने कानून बनाने की मांग की
अशोक गहलोत के अलावा दूसरी पार्टियों के बड़े नेताओं ने भी राजेंद्र गुढ़ा के बयान की कड़ी आलोचना की थी. सीपीआई नेता वृंदा करात ने मंत्री की टिप्पणी के लिए उन्हें फटकार लगाते हुए कहा,
“ये आदमी मंत्री बनने के लायक नहीं है. जब वो खुद इस तरह की सेक्सिस्ट टिप्पणी कर रहे हैं तो वो जनता के बीच किस तरह का मानक स्थापित कर रहे हैं?”
करात ने कहा कि ये बेहद आपत्तिजनक है और वो विधानसभा और संसद में निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए सख्त आचार संहिता की मांग कर रही हैं.
भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत कार्रवाई तो होनी ही चाहिए. लेकिन उसके साथ महिलाओं पर इस तरह की टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ संसद और विधानसभाओं में एक कानून भी बनाया जाना चाहिए.
क्या है पूरा मामला?
राजस्थान सरकार की कैबिनेट में फेरबदल हुआ. ग्रामीण विकास राज्य मंत्री बने राजेंद्र सिंह गुढ़ा. मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद जब वो पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे तो उनके लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उसी दौरान लोगों ने खराब सड़कों की शिकायत की. राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने वहीं कहा कि उनके गांव में सड़कें अब कैटरीना कैफ के गाल जैसी होनी चाहिए. इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ. और फिर बवाल खड़ा हो गया.