The Lallantop

बच्चे की जगह मां को टीका लगाया, हंगामा हुआ तो उसी सिरिंज से बच्चे को भी टीका लगा दिया

Lucknow: आरोप लगे हैं कि ANM इतनी व्यस्त थीं कि उन्होंने पर्चा देखा ही नहीं. जिससे उन्हें पता ही नहीं चला कि टीका लगाना किसको है.

Advertisement
post-main-image
मामले की जांच की जा रही है. (सांकेतिक तस्वीर: PTI)
author-image
आशीष श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी की लापरवाही (Medical negligence in Lucknow) का मामला सामने आया है. बच्चे को टीका लगाना था लेकिन आरोप है कि ANM ने बच्चे की मां को टीका लगा दिया. आरोप ये भी है कि जब ANM से बच्चे को भी टीका लगाने को कहा गया तो उसी इंजेक्शन से बच्चे को भी टीका लगा दिया गया. परिजनों ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला अलीगंज CHC केंद्र का है. मड़ियांव के रहने वाले अमन अपने 3 महीने के बेटे को टीका लगवाने यहां पहुंचे थे. उनके साथ उनकी पत्नी शिप्रा भी थीं. उन्होंने OPD का पर्चा बनवाया जिसके बाद डॉक्टर ने उन्हें टीकाकरण के लिए भेजा.

पर्चा लेकर शिप्रा वैक्सीन रूम में पहुंचीं और ANM निर्मला को वो पर्चा दिया. आरोप लग रहे हैं कि ANM इतना व्यस्त थीं कि उन्होंने पर्चा देखा ही नहीं. जिसके कारण पता नहीं चल पाया कि टीका लगाना किसको है. आरोप है कि इसके बाद ANM ने बच्चे की जगह मां को ही इंजेक्शन लगा दिया. महिला ने जब चीखते हुए अपना हाथ झटका तो सुई उनके हाथ में घुस गई. जिससे महिला के हाथ से खून निकलने लगा. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल में बिना कपड़ों के घूमता रहा डॉक्टर, Video वायरल होने पर क्या कार्रवाई हुई?

परिजनों ने हंगामा किया और बच्चे को टीका लगाने की बात कही. आरोप लगा कि इसके बाद ANM निर्मला ने उसी सिरिंज से बच्चे को भी इंजेक्शन लगा दिया. जिसके बाद हंगामा और बढ़ गया.

परिजनों ने मामले में CHC प्रभारी को लिखित शिकायत दी है. CHC प्रभारी डॉ. सोमनाथ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया. उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत पर एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मामले में कमिटी की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: बेंगलुरु में लोग एक दिन छोड़ नहा रहे, क्यों हुई पानी की ऐसी किल्लत?

Advertisement