The Lallantop

ISIS में शामिल होने जा रहा IIT स्टूडेंट पकड़ा गया! 'इस्लामिक स्क्रिप्ट' सहित क्या-क्या बरामद हुआ?

ISIS में कथित तौर पर शामिल होने निकला IIT स्टूडेंट हिरासत में लिया गया है. गुवाहाटी पुलिस ने अरेस्ट के बाद क्या बताया?

Advertisement
post-main-image
असम पुलिस ने IIT-गुवाहाटी के एक छात्र को हिरासत में लिया है. (इमेज क्रेडिट - इंडिया टुडे)

असम पुलिस ने IIT-गुवाहाटी के एक छात्र को हिरासत में लिया है. यह छात्र कथित तौर पर आतंकी संगठन ISIS को ज्वाइन करने जा रहा था. उसे शनिवार, 23 मार्च की शाम असम के कामरुप जिले के हाजो इलाके से हिरासत में लिया गया.

Advertisement

असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मामले की जानकारी देते हुए लिखा,

ISIS के प्रति निष्ठा जताने वाले आईआईटी गुवाहाटी के छात्र को हिरासत में लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, एक ईमेल प्राप्त होने के बाद STF ने इस मामले की जांच शुरू की. यह ईमेल आरोपी छात्र ने भेजा था. जिसमें उसने दावा किया था कि वह ISIS में शामिल होने जा रहा है. ईमेल मिलने के फौरन बाद STF ने IIT-गुवाहाटी के अधिकारियों से संपर्क किया. जहां से उन्हें पता चला कि यह छात्र दोपहर से लापता था और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था. इसके बाद STF ने उसकी तलाश शुरु कर दी. और शाम को स्थानीय लोगों की मदद से उसे गुवाहाटी से लगभग 30 किलोमीटर दूर हाजो इलाके से पकड़ लिया गया. STF के मुताबिक आरोपी छात्र बायोटेक्नोलॉजी का चौथे वर्ष का छात्र है. और मूल रूप से दिल्ली के ओखला का रहने वाला है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (STF) कल्याण कुमार पाठक के मुताबिक,

शुरूआती पूछताछ के बाद, उसे एसटीएफ ऑफिस लाया गया है. और हम ईमेल के मकसद की जांच कर रहे हैं. छात्र ने कुछ जानकारी दी है, लेकिन हम अभी और कुछ नहीं बता सकते.

Advertisement

उन्होंने आगे बताया कि उसके हॉस्टल के कमरे से ISIS के झंडे जैसा एक काला झंडा और एक इस्लामी स्क्रिप्ट बरामद हुई है. उनके मुताबिक पुलिस जब्त किए गए सामान की जांच कर रही है और अभी इस मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. 

ये भी पढ़ें - बड़े ISIS मॉड्यूल के भंडाफोड़ का दावा, कई राज्यों में NIA की कार्रवाई, किस-किस को किया अरेस्ट?

IIT-गुवाहाटी के छात्र को हिरासत में लेने से चार दिन पहले ही 20 मार्च को STF ने कथित तौर पर ISIS के इंडिया चीफ हरीश अजमल फारूकी और उसके साथी अनुराग सिंह को गुवाहाटी के धुबरी सेक्टर के धर्मशाला इलाके से गिरफ्तार किया था. इन दोनों आरोपियों को NIA ने वांटेड लिस्ट में डाल रखा था. फारूकी देहरादून के चकराता का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, अनुराग सिंह पानीपत का रहने वाला है. उसने इस्लाम धर्म अपना लिया है और उसकी पत्नी बांग्लादेशी नागरिक है.

वीडियो: 2024 लोकसभा चुनाव से पहले CAA लागू, इसे लेकर इतना भ्रम क्यों है?

Advertisement