The Lallantop

यूपी का मैरिज स्कैम, पति ने पत्नी की कई शादियां कराईं, वो लाखों रुपये, सोना-चांदी लेकर फुर्र हो जाती

आरोपी गैंग ने अभी तक ऐसी 10 से 12 शादियां करने की बात कबूली है. इसकी पुष्टि करने के लिए पुलिस अभी जांच कर रही है.

Advertisement
post-main-image
शादी के बाद आरोपी कीमती सामान और जेवरात लेकर लुटेरी दुल्हनों के साथ फरार हो जाते थे.

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पुलिस ने शादी में फर्जीवाड़ा (Aligarh police busts robbers bride gang) करने वाले एक गैंग को भंडाफोड़ किया है. ये गैंग एक कपल चलाता है. दोनों शादी के बहाने लोगों से ठगी करते थे. पति अपनी पत्नी से दूसरे लोगों की शादी कराता था. बाद में पत्नी उस शख्स के घर में रखी ज्वेलरी और पैसे लेकर वहां से फरार हो जाती थी. इस धोखाधड़ी में गैंग की और भी महिलाएं शामिल थीं. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement

शादी का फर्जीवाड़ा करने का ये मामला तब सामने आया जब एक ही कॉलोनी में रहने वाले दो लोगों की शादी इस गैंग ने कराई. आजतक से जुड़े अकरम खान की रिपोर्ट के मुताबिक गैंग के सदस्यों ने शहर के थाना क्वारसी के सुरेंद्रनगर में दो लोगों से आरोपी महिलाओं की शादी करा दी. दोनों के पति उन शादियों में बिचौलिए बन गए. शादी के बाद आरोपी कीमती सामान और जेवरात लेकर लुटेरी दुल्हनों के साथ फरार हो गए.

लोकेशन ट्रैक कर किया गिरफ्तार

मामले को लेकर 18 मई को थाना क्वारसी पुलिस को सूचना दी गई. FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. एक स्पेशल टीम बनाई गई. पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया. 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. शादी में लाखों रुपये के जेवर और पैसे की ठगी की बात का खुलासा हुआ.

Advertisement

पुलिस ने मामले में दो लोगों को पहले जेल भेज दिया था. 23 मई को उसने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गैंग के अन्य लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है. गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस को मोबाइल फोन, नगदी और ज्वेलरी बरामद हुए हैं.

पीड़ित परिवार ने क्या बताया?

रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके यहां 17 मई के दिन आरोपी महिलाओं की शादी हुई थी. बिचौलियों ने उनसे उन्हें महिलाओं से मिलवाया था. शादी के दूसरे दिन शॉपिंग करने के बहाने दोनों फरार हो गईं. पीड़ित परिवार ने जानकारी दी कि आरोपी महिलाएं 4 से 5 लाख रुपये की ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हो गई.

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक अलीगढ़ एएसपी अमृत जैन ने जानकारी दी कि ये लोग अंतर्राज्यीय गैंग चला रहे थे. ये लोग अविवाहित पुरुषों की तलाश करके उनको टारगेट करते थे. बिचौलियों और रिश्तेदारों का रोल अदा करके आपस में ही उनसे शादी कर लेते थे. दो-तीन दिन में वापस आते थे और विवाहित दुल्हनों को लेकर निकल जाते थे. अधिकारी ने बताया कि आरोपी अलग-अलग आईडी, नामों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे.

Advertisement

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी गैंग ने अभी तक ऐसी 10 से 12 शादियां कराने की बात कबूली है. इसकी पुष्टि करने के लिए पुलिस अभी जांच कर रही है. मामले में आगे की पड़ताल अभी जारी है.

वीडियो: दूसरे आदमी से संबंध होने का शक था, तो पति ने तांबे के तार से पत्नी का प्राइवेट पार्ट सिल दिया!

Advertisement