फिल्म 'मिशन मंगल' के एक सीन में अक्षय कुमार और दूसरी तरफ उनके गाने 'तेरी मिट्टी' के ट्रिब्यूट वर्ज़न का स्क्रीनग्रैब.
तनिष्क बाग्ची के बाद गाने रीमेक करने की बारी अक्षय कुमार की है. अक्षय ने अपनी ही फिल्म 'केसरी' का सुपरहिट गाना 'तेरी मिट्टी' को थोड़े से बदलाव के साथ दोबारा रिलीज़ किया है. लेकिन इसके पीछ उनकी मंशा बड़ी प्यारी है. इस गाने की मदद से उन लोगों को ट्रिब्यूट दिया जा रहा है, जो इस महामारी के दौर में कोरोनावायरस से लड़ने में हम सबकी मदद कर रहे हैं. यानी डॉक्टरों से लेकर पुलिसवाले और वो ड्राइवर्स तक, जो हमारी सुरक्षा के लिए बिना समय देखे दिन-रात काम कर रहे हैं. गाने में बदलाव के तौर पर कुछ लाइनें जोड़ी गईं. इसमें डॉक्टरों की तुलना बॉर्डर पर लड़ने वाले जवानों से की गई है. जैसे- 'सरहद पे जो वर्दी खाकी थी, अब उसका रंग सफेद हुआ'. साथ में जो वीडियो चल रहा है, वो इस महामारी और लॉकडाउन वाले पीरियड का है. इस महामारी के हाथों परेशान लोग, वायरस से संक्रमित लोगों का इलाज करने वाली डॉक्टर्स और देश के अलग-अलग हिस्सों में डॉक्टर्स और उनकी मेडिकल टीम पर होने वाले हमले भी इस वीडियो का हिस्सा हैं. वीडियो के आखिरी में अक्षय कुमार आते हैं और कहते हैं-
''सुना था डॉक्टर्स भगवान का रूप होते हैं, लेकिन आज ऐसा लगता है कि कोरोना वायरस से लड़ने की इस चुनौती की घड़ियों में भगवान ने ही डॉक्टर्स का रूप ले लिया है.''
'तेरी मिट्टी' का ट्रिब्यूट वर्ज़न यहां सुनिए:
अक्षय ने 23 अप्रैल को ट्वीट कर बताया था कि वो डॉक्टर्स का शुक्रिया कहने के लिए कुछ करने वाले हैं. उसी के फॉलो अप के तौर पर 'तेरी मिट्टी' का ट्रिब्यूट वर्ज़न रिलीज़ किया गया. अक्षय का ट्वीट आप नीचे देख सकते हैं:
'तेरी मिट्टी' गाने को लिखा है मनोज मुंतशिर ने. म्यूज़िक है आर्को का और इसे गाया है मशहूर पंजाबी सिंगर बी प्राक ने. ये वही गाना है, जो फरवरी 2020 में हुए फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के दौरान काफी चर्चा में रहा था. चर्चा से हमारा मतलब था विवादों में था. एक्चुअली ये गाना बेस्ट लिरिक्स कैटेगरी में नॉमिनेटेड था. लेकिन इस साल ज़ोया अख्तर डायरेक्टेड फिल्म 'गली बॉय' ने सबसे ज़्यादा 13 अवॉर्ड्स जीते थे, जिसमें से एक अवॉर्ड बेस्ट लिरिक्स का भी था. 'गली बॉय' के गाने 'अपना टाइम आएगा' के लिए अंकुर तिवारी और डिवाइन को ये अवॉर्ड मिला था. इस बात से मनोज भी काफी ख़फा थे.
वीडियो देखें: कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अक्षय ने PM केयर फंड में 25 करोड़ रुपये दान किए