चार्जशीट में क्या कहा था प्रवर्तन निदेशालय ने? अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में दलाली के आरोप हैं. इस पर प्रवर्तन निदेशालय ने 4 अप्रैल को अदालत में चार्जशीट दाखिल की है. चार्जशीट इस डील के मुख्य आरोपी क्रिश्चियन मिशेल के खिलाफ दाखिल की गई है. प्रवर्तन निदेशालय ED के मुताबिक पूछताछ के दौरान क्रिश्चियन मिशेल ने 'AP' और 'FAM' का जिक्र किया है. आरोप है कि इसका मतलब अहमद पटेल और फैम का मतलब फैमिली है. ED को मिली एक डायरी में 'AP' और 'FAM' कोडवर्ड की तरह लिखे गए हैं. 52 पन्नों की चार्जशीट के साथ 3 हजार पन्नों की पूरक चार्जशीट दाखिल की गई है. इसमें 3 नए नाम भी आए हैं. इनमें मिशेल का बिजनेस पार्टनर डिवेड सेम और दो कंपनियां शामिल हैं. चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि क्रिश्चियन मिशेल ने तब के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर दबाव बनाने के लिए कांग्रेस के सीनियर नेताओं का इस्तेमाल किया था.

मिशेल पर सौदे में 225 करोड़ रुपए की दलाली लेने का आरोप है. फाइल फोटो. इंडिया टुडे.
मिशेल ने आरोपों को खारिज किया अपने ऊपर लगे आरोपों को मिशेल ने गलत बताया है. मिशेल के वकील अल्जो के जोसेफ के मुताबिक मिशेल ने AP और FAM के संभावित अर्थ ही एजेंसी को बताए थे. अपनी तरफ से किसी का नाम नहीं लिया है. जैसा मीडिया में बताया जा रहा है. मेरे मुवक्किल के खिलाफ इस मामले को सनसनीखेज बनाया जा रहा है.
चार्जशीट में क्या आरोप? ED ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट PMLA के तहत सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है. इसमें कहा गया कि डील के दौरान तत्कालीन रक्षा अधिकारियों, नौकरशाह, मीडियाकर्मियों और सत्ताधारी दल के अहम लोगों को पैसे दिए गए थे. डील को अगस्ता वेस्टलैंड के पक्ष में करने के लिए एयरफोर्स के अधिकारियों, नौकरशाह और कुछ नेताओं को 30 मिलियन यूरो यानी करीब 233 करोड़ रुपए दिए गए.
दिसंबर में भारत लाया गया था मिशेल क्रिश्चियन मिशेल को बीते साल दिसंबर, 2018 में दुबई से भारत लाया गया था. उस पर इस सौदे में 225 करोड़ रुपए की दलाली लेने का आरोप है. इस मामले में पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी भी आरोपी हैं. मिशेल के खिलाफ 24 सितंबर, 2015 को गैर जमानती वॉरंट जारी हुआ था. फरवरी, 2017 में उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया. फिर दुबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था. मिशेल पर आपराधिक साजिश का आरोप था. मामले में एसपी त्यागी, उनके परिवार और कुछ अफसर भी आरोपी हैं. इन पर आरोप है कि इन्होंने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया. और 12 VVIP हेलिकॉप्टर के लिए उड़ान का मानक 6,000 मीटर से घटाकर 4,500 मीटर कर दिया.
कौन है क्रिश्चियन मिशेल? आरोप है कि क्रिश्चियन मिशेल रक्षा सौदों में बिचौलिए की भूमिका निभाता था. मिशेल अगस्ता वेस्टलैंड में 1980 से काम कर रहा था. उसके पिता भी कंपनी में भारतीय क्षेत्र के मामलों के लिए सलाहकार रहे थे. मिशेल का भारत का काफी आना-जाना था. वो रक्षा सौदों में वायुसेना और रक्षा मंत्रालय के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाता था.
वीडियोः क्या अगस्ता केस पर ईडी की चार्जशीट में सोनिया गांधी, अहमद पटेल, और राहुल गांधी का नाम है?|दी लल्लनटॉप शो| Episode 189














