दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 21 मार्च की रात गिरफ्तार किया. इससे पहले शाम को ED की टीम CM केजरीवाल के आवास पर पहुंची थी. उनसे ED की पूछताछ करीब दो घंटे चली और उनके घर की तलाशी ली गई. लेकिन छापे में ED को केजरीवाल के घर से क्या मिला था? इसके बारे में दिल्ली की AAP सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया. उनके मुताबिक ED को केजरीवाल के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला. सौरभ भारद्वाज का दावा है कि केजरीवाल के घर से सिर्फ 70 हजार रुपये कैश मिले थे, जिसे ED ने वापस कर दिया था.
ED को अरविंद केजरीवाल के घर पर छापे के दौरान रुपये कितने मिले?
ED ने 21 मार्च की शाम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर छापा मारा था. करीब दो घंटे की पूछताछ और आवास पर तलाशी के बाद ED ने CM केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया था. उनके घर से छापे में ED को क्या मिला था, इसके बारे में AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया.

21 मार्च की रात CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से कहा,
"मुख्यमंत्री जी के घर की पूरी तलाशी इस छापे में ली गई. सिर्फ 70 हजार रुपये नकद मिले, जो कि ED वापस लौटाकर चली गई. मुख्यमंत्री जी का मोबाइल लिया गया और उन्हें गिरफ्तार करके ले गए. पूरे छापे में कोई सबूत, कोई प्रॉपर्टी का कागज, कोई गैर कानूनी पैसा, कोई मनी ट्रेल नहीं मिली."
सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा,
“बात बिल्कुल साफ है, अगर विपक्ष में PM मोदी किसी से डरते हैं और उनको लगता है कि उनका कोई विकल्प है भारत में, तो वो अरविंद केजरीवाल हैं. मैं दोबारा यही बात कहूंगा कि वो अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते थे, उन्होंने किया क्योंकि उनके पास सत्ता है, आज उनके पास सारी की सारी एजेंसियां हैं. उनको रोकने वाला कोई नहीं है, प्रधानमंत्री जो चाहे करें.”
सौरभ भारद्वाज ने ‘जमीन घोटाले’ में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अभी तक दो मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया गया है, हो सकता है औरों को भी गिरफ्तार किया जाए.
ये भी पढ़ें- नकली मोहर-दस्तावेज, बाबू-IAS सबकी 'मिलीभगत', क्या है वो जमीन 'घोटाला' जिसमें हेमंत सोरेन अरेस्ट हुए?
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: जब अरेस्ट से पहले केजरीवाल के घर पहुंची ED, दरवाजे पर क्या-क्या हुआ?









