The Lallantop

वायनाड में तीन 'राहुल गांधी' ने पर्चा भरा है

एक के तो भाई का भी नाम राजीव गांधी है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
चुनावी माहौल चल रहा है. यानी देश का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक त्योहार चल रहा है जिसके चलते ही तो देश में 'लोकतंत्र' है - लोकसभा चुनाव. और हमेशा की तरह अबकी लोकसभा चुनाव में भी सबसे ज़्यादा नज़रें उन सीटों पर हैं जहां पर से सत्ता पक्ष के सबसे बड़े नेता और विपक्ष के सबसे बड़े नेता खड़े हैं. तो अबकी खबर या नज़र टिक गई है प्रतिपक्ष के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी की सीट वायनाड पर. क्यों? क्यूंकि वहां से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं. हां ये बड़ी बात है, हम खुद ऊपर वाले पैरा में बोल चुके हैं. लेकिन अबकी खबर दूसरी है. खबर ये कि वहां से सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं बल्कि राहुल गांधी और राहुल गांधी भी चुनाव लड़ रहे हैं. कन्फ्यूज़ हो गए न, कि हम क्या ऊलजलूल बात कर रहे हैं. चलिए लंतरानियां त्यागते हुए एक पैरा में आपको पूरी खबर बता देते हैं. वायनाड. केरल राज्य की लोकसभा सीट. 23 अप्रैल, 2019 को इसपर चुनाव होना है. एक हाई प्रोफाइल सीट बन चुकी है. क्यूंकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी यहां से उम्मीदवार हैं. और यहीं से अन्य उम्मीदवारों के अलावा दो अन्य राहुल भी चुनाव लड़ रहे हैं. यानी कांग्रेस अध्यक्ष को जोड़कर टोटल 3 राहुल गांधियों ने पर्चा भरा है. एक का नाम है - राहुल गांधी के. ई. और दूसरे का नाम है रा(ग)हुल गांधी के. राहुल गांधी के. ई. के तो छोटे भाई का नाम भी राजीव गांधी है. आपको पता ही होगा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पिता का नाम भी राजीव गांधी ही था.  दरअसल राहुल गांधी के. ई. के पिताजी कांग्रेस और गांधी परिवार के बहुब्बड़े फैन थे. जिस तरह बॉबी फिल्म की रिलीज़ के दौरान पैदा हुए ज़्यादातर बच्चों का नाम 'डिंपल' रखा गया था उसी तरह इस 'फैन फिनॉमिना' के चलते ही गांधी परिवार के प्रशंसक ने अपने परिवार के लोगों के नाम तदनुसार रख दिए. पिताजी रहे होंगे फैन, लेकिन निश्चित तौर पर पुत्र नहीं है, होता तो कांग्रेस और राहुल के खिलाफ थोड़े न खड़े होते. इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर भी इसकी ही पुष्टि करती है. जिसके अनुसार पुत्र राहुल गांधी के. ई. सीपीएम के समर्थक हैं, चुनाव लेकिन निर्दलीय लड़ रहे हैं. दूसरे वाले राहुल गांधी (टू बी स्पेसिफिक रागहुल गांधी) के पिता भी कांग्रेस के प्रशसंक थे. बल्कि वो तो छोटे-मोटे लोकल नेता भी थे. कांग्रेस छोड़ के एआईएडीएमके जॉइन कर ली. लेकिन बेटे का नाम नहीं बदला, जो इसी 'फैन फिनॉमिना'  के चलते रागहुल गांधी रखा जा चुका था.

अंततः - वैसे राहुल गांधी नाम के तो तीन लोग हैं जो इस लोकसभा सीट के लिए कंपीट करेंगे, लेकिन एक और गांधी भी हैं. इसी सीट से नामांकन किया है. नाम है शिवप्रसाद गांधी. 

Advertisement

वीडियो देखें:

'द फेवरेट' फिल्म की एक्ट्रेस को क्यों मिला ऑस्कर 2019 में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड -

Advertisement
Advertisement