राष्ट्रीय खेल दिवस पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 2025 में अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के इवेंट में हुई बदइंतजामी का मुद्दा उठाया. उन्होंने ऐलान किया कि कोलकाता वाले इवेंट के लिए फैंस ने जो टिकट खरीदी थी उसके पूरे पैसे वापस किए जाएंगे. कोलकाता के युवा भारती स्टेडियम (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में 33 हजार दर्शक मेसी को देखने आए थे, जिन्हें अब रिफंड मिलेगा.
मेसी कोलकाता इवेंट के टिकट का रिफंड मिलेगा, बंगाल सरकार 33 हजार फैंस का पैसा लौटाएगी
CM Suvendu Adhikari: कोलकाता के युवा भारती स्टेडियम में Lionel Messi का इवेंट था. उन्हें देखने के लिए दर्शकों ने 4-6 हजार रुपये तक का टिकट खरीदी था. अब CM शुभेंदु अधिकारी ने पैसे रिफंड करने का वादा किया है.

2025 में 13 दिसंबर को युवा भारती स्टेडियम में लियोनेल मेसी का इवेंट था. उन्हें देखने देश भर से लोग आए थे. दर्शकों ने 4-6 हजार रुपये तक का टिकट खरीदा था. लेकिन इस कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था हुई. मेसी को वहां से तुरंत लौटना पड़ा, जिससे कई फैंस अपने पसंदीदा स्टार का दीदार तक न कर सके.
मेसी इवेंट की भारी बदइंतजामी से खफा होकर फैंस टिकट के पैसे रिफंड करने की मांग करने लगे. मगर अभी तक उनकी ये डिमांड पूरी नहीं की गई थी. कुछ फैंस ने ये भी कहा था कि मेसी केवल 20 मिनट में ही ग्राउंड से बाहर चले गए.
29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है. इंडिया टुडे से जुड़े अनिर्बान रॉय की रिपोर्ट के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी ने एक इवेंट के दौरान कहा,
‘मेसी का फैन बेस बहुत बड़ा है. हजारों लोगों ने टिकट खरीदी थी और उनका नुकसान हो गया. लेकिन मैं चाहता हूं कि 33 हजार फैंस के पैसे रिफंड कर दिए जाएं और इस दिशा में कदम बढ़ाए जा चुके हैं.’
इस इवेंट में ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे भी मौजूद थे. इवेंट में कुछ पुराने खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर भी दिया गया. शुभेंदु अधिकारी का आरोप है कि इन खिलाड़ियों का पेपरवर्क का काम पिछले 11 साल से धूल फांक रहा था. उन्होंने तृणमूल सरकार को स्पोर्ट्स सेक्टर को लंबे समय तक नज़रअंदाज़ करने पर खूब सुनाया.
ये भी पढ़ें: दिल्ली की दमघोंटू हवा में मेसी का टूर, फैंस बोले- “फेफड़ों का इंश्योरेंस है न”
बंगाल का फ्यूचर स्पोर्ट्स प्लानशुभेंदु अधिकारी ने बताया कि उनकी सरकार ने खेल क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा है. ये बजट पूरे साल के लिए नहीं बल्कि आठ महीने के लिए है. उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल के हर विधानसभा क्षेत्र में छोटे इंडोर स्टेडियम बनाएगी, जहां टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और जिम जैसी फैसिलिटी होंगी.
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा क्षेत्र है. सरकार का कहना है कि एक साथ इतने स्टेडियम बनाना मुश्किल होगा, इसलिए हर साल 100 स्टेडियम बनाए जाएंगे. सरकार का कहना है कि ओलंपिक्स, नेशनल गेम्स और एशियाई गेम्स में पश्चिम बंगाल से बहुत कम पार्टिसिपेशन होता है. जबकि झारखंड और ओडिशा से कई खिलाड़ी निकलते हैं. सरकार ने इसी पार्टिसिपेशन को बढ़ाने के लिए ये कदम उठाए हैं.
वीडियो: मोदी सरकार पर क्यों लगा ऑनलाइन फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स को सपोर्ट करने का आरोप?










