उज्जैन में एक महिला के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला के ससुराल वालों ने उसके सिर के बाल काटकर, गले में जूतों की माला पहनाकर उसे इलाके में घुमाया. कथित तौर पर इसके पीछे कारण बस इतना था कि महिला ने संपत्ति में अपना हिस्सा मांगा था. जब ये सब हो रहा था तो गांव के लोग ये सब देख रहे थे, लेकिन किसी ने महिला की मदद करने की कोशिश तक नहीं की. महिला का दूसरा पति हाथ जोड़कर दया की भीख मांगता रहा.
संपत्ति में हिस्सा मांगने पर महिला के कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाकर गांव में परेड कराई
जब ये सब हो रहा था तो गांव के लोग तमाशा देख रहे थे, लेकिन किसी ने महिला की मदद करने की कोशिश तक नहीं की. महिला का दूसरा पति हाथ जोड़कर दया की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी का भी दिल नहीं पसीजा.


इंडिया टुडे से जुड़े संदीप कुलश्रेष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला उज्जैन की झारड़ा तहसील के हरनिया खेड़ा गांव का है. महिला ने तीन साल पहले अपने पति को छोड़कर किसी और से शादी करने का फैसला लिया था. हाल ही में वो अपने दूसरे पति के साथ गांव लौटी. जमीन और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगा. इसी दौरान उसके पूर्व पति के परिवार और गांव वालों ने उसके साथ ये क्रूरता की. आरोपियों ने पहले महिला के बाल काटे, उसके कपड़े फाड़ दिए. इतने से भी उनका मन नहीं भरा तो महिला और उसके दूसरे पति को जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में उनको घुमाया. इस दौरान वहां आसपास मौजूद लोग मदद करने की बजाय इस पूरी अमानवीयता का वीडियो बनाने में बिज़ी रहे.
घटना तीन दिन पुरानी है. लेकिन इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपी अभी फरार हैं. उनकी तलाश भी जारी है.
उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला पिछले तीन-चार सालों से अपने दो बच्चों के साथ ससुराल से अलग रह रही थी. उन्होंने बताया,
"कुछ दिन पहले महिला अपने बच्चों के हक और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने के लिए उस गांव में पहुंची जहां पहले उसका विवाह हुआ था. इसी बात से नाराज होकर उसके पूर्व पति, ससुर, कुछ परिजनों ने गांववालों के साथ मिलकर ये शर्मनाक काम किया."
एसपी शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया. उन्होंने बताया, "पीड़िता की शिकायत पर पति, ससुर सहित 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है. मामले में मुख्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया गया. घटना के दौरान वीडियो बनाकर वायरल करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है. वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है."
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए पुलिस केवल आपराधिक कार्रवाई ही नहीं कर रही है, बल्कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उसे कानूनी सहायता भी उपलब्ध करा रही है. इसके साथ ही संपत्ति में उसके अधिकार और दूसरी जरूरी कानूनी मदद दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: उज्जैन में बजरंग दल कार्यकर्ता पर हमला, फिर इलाके में तोड़फोड़ और आगजनी

















