मध्य प्रदेश के उज्जैन के अब्दालपुरा इलाके में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर हंगामा हो गया. सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद का करीब 9 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा हिस्सा तोड़ा जाना था. लेकिन सोमवार 28 सितंबर की सुबह स्थानीय लोग मस्जिद के बाहर पहुंचे और विरोध करने लगे. इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया. जवाब में पुलिसकर्मियों ने उनपर आंसू गैस के गोले दागे. फिलहाल मामला शांत हो गया है.
उज्जैन में बवाल, शाही मस्जिद गिराने से पहले पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, क्या है विवाद?
Ujjain Shahi Masjid Controversy: उज्जैन में 2028 में सिंहस्थ कुंभ के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है. इसी कड़ी में शाही मस्जिद का एक हिस्सा तोड़ा जाना था. सोमवार की सुबह भारी बावल हुआ जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे.

उज्जैन में 2028 में सिंहस्थ कुंभ महापर्व के लिए कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक की 900 मीटर की सड़क 15 मीटर चौड़ी की जा रही है. इस दायरे में कुल 7 धार्मिक स्थल आ रहे थे, जिनमें से ज्यादातर को आपसी सहमति से हटाया जा चुका है. इसी कड़ी में शाही मस्जिद को भी हटाया जाना है जिसपर ये बवाल हुआ है.
आजतक से जुड़े संदीप कुलश्रेष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार रात जब भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी और पोकलैंड मशीनें मौके पर पहुंचीं थी. इस दौरान लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. बताया गया कि रात भर चले विरोध के बाद आपसी सहमति से चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को तोड़ने पर सहमति भी बन चुकी थी.
इसके बाद प्रशासन ने रात के हालात को देखकर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी. लेकिन जब सोमवार को सुबह से मस्जिद के हिस्से को गिराने की कार्रवाई हुई तभी कुछ असामाजिक तत्व सड़क पर उतर गए. लोगों की भीड़ ने जमकर पत्थरबाजी की. जवाब में पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले दागे. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में मस्जिद कमिटी ने भी साथ दिया.
हालात को संभालने के लिए प्रशासन ने मौके पर करीब 2000 पुलिस जवानों को तैनात किया. मस्जिद के 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हुई थीं.
ये भी पढ़ें: यूपी में थाने की जमीन पर निकली मस्जिद, इमाम ने बताया वक्फ संपत्ति, पुलिस बोली- कागज दिखाओ
उज्जैन के SP प्रदीप शर्मा ने बताया कि शाही मस्जिद में मस्जिद कमिटी द्वारा ही चौड़ीकरण के अंतर्गत आने वाले हिस्से को तोड़ा जा रहा है. पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग किया और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को वहां से तितर बितर किया. इसके अलावा, शहरकाजी खलिकुर्रेहमान ने भी मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की है. उन्होंने कहा कि मैं सबसे कहना चाहता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन को अपना काम करने दें.
जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह का कहना है कि 2028 में बड़ी संख्या श्रद्धालु आएंगे इसलिए विकास कार्य चल रहा है. उनके मुताबिक, स्थानीय लोग खुद इस चौड़ीकरण प्रोसेस में हाथ बंटा रहे हैं. उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की है.
वीडियो: उज्जैन में हनुमान प्रतिमा हटाने पर बवाल, IIT की टीम करेगी जांच











