The Lallantop

LPU में भारी बवाल, पथराव और गाड़ियों में लगाई आग, हंगामे के बाद एक्जाम टाले गए

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में बवाल बढ़ गया है. सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई. आरोप है कि स्टूडेंट्स ने पथराव किया है, जिसमें पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा. कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई.

Advertisement
post-main-image
LPU में छात्रा के साथ रेप के दावे पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन. (Courtesy: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए सभी रेगुलर क्लासेज और मिड-टर्म परीक्षाएं टाल दी हैं।
  • यह कदम एक छात्रा के कथित रेप की अफवाहों और उसके बाद हुए हिंसक छात्रों के प्रदर्शन के कारण लिया गया है।
  • पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है और SIT जांच कर रही है, जबकि यूनिवर्सिटी ने मामले को अफवाह करार दिया है।

पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हिंसक प्रदर्शन के बाद अब बड़ा फैसला हुआ है. यूनिवर्सिटी ने 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लासेज सस्पेंड कर दी हैं. मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगली सूचना तक टाल दी गई हैं. वहीं, जो छात्र घर जाना चाहते हैं, वो पैरेंट्स या गार्जियन से सलाह लेकर जा सकते हैं. कैंपस में रुकने वाले छात्रों को हॉस्टल या अपनी रिहाइश में रहने और बिना जरूरत बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है.

Advertisement

दूसरी तरफ, कैंपस में अब भी सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है. पंजाब पुलिस के मुताबिक 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और फिलहाल हालात काबू में हैं. ये पूरा बवाल एक छात्रा के कथित रेप से जुड़ी खबर फैलने के बाद शुरू हुआ.

'LPU को बदनाम करने की कोशिश'

छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया. लेकिन LPU ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें अफवाह बताया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है. मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई है.

Advertisement

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने कहा,

“इस सब के पीछे असामाजिक तत्वों का और कुछ निजी स्वार्थ वाले लोगों का हाथ है. ये झूठी और मनगढंत अफवाहों से यूनिवर्सिटी को बदनाम करने की साजिश है.”

यानी अभी इस पूरे मामले में दो बातें साफ हैं. एक, छात्रों के आरोपों की जांच हो रही है. दूसरा, यूनिवर्सिटी इन आरोपों को खारिज कर रही है. पुलिस भी शुरुआती जांच में रेप की पुष्टि करने वाला सबूत मिलने की बात नहीं कह रही है. अब SIT CCTV फुटेज, फॉरेंसिक सबूत और दूसरे उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है.

Advertisement

अब बात उस G-3 हॉस्टल के रूम नंबर 504 की, जिसका नाम इस पूरे विवाद में सामने आया है. इस कमरे में रहने वाली छात्राओं का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा,

"हम रूम नंबर 504 की स्टूडेंट्स हैं. हमारे रूम में ऐसा कुछ नहीं हुआ है. हम यहां पिछले 2 महीने से रह रहे हैं. प्लीज पुलिस और स्टूडेंट्स हमें आकर तंग ना करें. हमारे रूम में ऐसा कुछ नहीं हुआ है... हम बहुत परेशान हो गए. अगर हमें ज्यादा प्रॉब्लम होती है तो हम अपने पैरेंट्स को इन्वॉल्व करेंगे. आप हमें परेशान मत करिए. पुलिस भी बार-बार हमारे रूम पर ना आए, नहीं तो हम अपने पैरेंट्स को बुलाएंगे."

पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा में मौजूद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी LPU के फाउंडर और चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल हैं. अशोक कुमार मित्तल वर्तमान में पंजाब से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद भी हैं. पहले वे आम आदमी पार्टी (AAP) में थे.

अब आपको ये पूरा विवाद सिलसिलेवार तरीके से समझाते हैं.

इंड‍िया टुडे से जुड़ी कमलजीत संधू की र‍िपोर्ट के मुताबि‍क, 26 सितंबर की रात स्टूडेंट ग्रुप्स में एक मैसेज वायरल हुआ. इसमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के साथ रेप किया. साथ ही, छात्रा की मौत की बात भी फैलाई गई.  

मैसेज फैलने के बाद छात्रों का गुस्सा बढ़ गया. छात्र हॉस्टल के बाहर जमा हुए और यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. छात्रों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और मामले की जांच की मांग की.

इसके बाद प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी के मेन गेट की तरफ बढ़े. कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की कुछ घटनाएं भी हुईं. इसके बाद छात्रों ने यूनिवर्सिटी के बाहर जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे यानी NH-44 को भी ब्लॉक कर दिया. इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया.

रविवार शाम तक हालात और बिगड़ गए. प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई. पथराव किया गया और पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया. कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई. कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. हालात संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया.

पुलिस ने क्या बताया?

जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया,

“पहले इश्यू था कि हॉस्टल में कुछ गड़बड़ी है. वो सारी अफवाहें थीं. सारे हॉस्टल चेक कर लिए गए हैं. कुछ भी नहीं मिला. ट्रैफिक फिर से शुरू हो गया है और हालात सामान्य हैं. बाकी मामलों को छात्रों के साथ बातचीत करके सुलझा लिया जाएगा... कुल मिलाकर माहौल ठीक है और किसी भी छोटी-मोटी समस्या का समाधान कर लिया जाएगा. कृपया पैरेट्स को बताएं कि सभी स्टूडेंट्स सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है.”

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है. साथ ही जांच के लिए पांच सदस्यीय SIT बनाई गई है. SIT अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और ये पता लगाने की कोशिश करेगी कि वायरल दावों में कितनी सच्चाई है.

दूसरी तरफ छात्रों की मांगों की बात करें तो वो मामले की निष्पक्ष जांच, कथित आरोपी की गिरफ्तारी और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जवाब चाहते हैं. छात्रों ने गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष स्टाफ की मौजूदगी, वार्डन की भूमिका और कैंपस की सिक्योरिटी को लेकर भी सवाल उठाए हैं.

इस पूरे हंगामे के बीच LPU ने अब 10 दिनों के लिए क्लासेज बंद कर दी हैं. मिड-टर्म परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं. नई परीक्षा तारीख बाद में बताई जाएगी. यूनिवर्सिटी ने छात्रों से शांति बनाए रखने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है.

यह भी पढ़ें: LPU में 2000 छात्रों का हंगामा, छात्रा से रेप और मौत की खबर फैलने पर तोड़फोड़-आगजनी

फिलहाल पुलिस का कहना है कि कैंपस में हालात कंट्रोल में हैं. लेकिन इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि जिस कथित रेप की खबर से पूरा विवाद शुरू हुआ, जांच में उसके बारे में क्या सामने आता है. SIT की रिपोर्ट इस मामले में सबसे अहम होगी.

वीडियो: चंडीगढ़ पुलिस के हेड कांस्टेबल की घर में गोली लगने से मौत, हत्या की आशंका

Advertisement