दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक शख्स को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है और आम आदमी पार्टी ने मंत्री को गिरफ्तार करने की मांग कर दी है. मामला पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर का है. 27 सितंबर को प्रवेश वर्मा इलाके में सड़क निर्माण के काम का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह से सड़क की क्वालिटी को लेकर बहस हो गई.
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ मारा! AAP वाले गिरफ्तारी की मांग करने लगे
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा का एक युवक को थप्पड़ मारते हुए कथित वीडियो सामने आया है. वीडियो को लेकर AAP ने वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है.

वीडियो में देखा जा सकता है कैसे जरनैल सिंह सड़क की सतह को ‘डेड स्किन’ की तरह निकाल रहे हैं. अब इसी मोमेंट को साहेब सिंह नाम के एक शख्स रिकार्ड कर रहे थे. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि इसी दौरान प्रवेश वर्मा उसका मोबाइल नीचे करते हैं और फिर उसके चेहरे पर थप्पड़ मार देते हैं. इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई जैसी स्थिति बनती है. वहां मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड बीच-बचाव करता है. साहेब सिंह AAP विधायक जरनैल सिंह की सोशल मीडिया टीम से जुड़े बताए जा रहे हैं.
प्रवेश वर्मा ने भी रखा पक्षवहीं, इस पूरे मामले पर प्रवेश वर्मा ने भी अपना पक्ष रखा है. उन्होंने वीडियो जारी कर दावा किया कि AAP विधायक के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गाली दी थी और इसी वजह से उन्होंने गुस्से में ऐसा रिएक्ट किया. प्रवेश वर्मा ने ये भी आरोप लगाया कि जरनैल सिंह PWD अधिकारियों पर दबाव बना रहे थे और सड़क निर्माण को लेकर विवाद के पीछे राजनीतिक वजहें हैं. प्रवेश वर्मा ने कहा कि AAP विधायक जरनैल सिंह जब आए, तो अपने कार्यकर्ताओं के साथ आए. उन्होंने तुरंत बदतमीजी शुरू कर दी. उन्होंने कहा,
जब जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गालियां देना शुरू किया तो मैंने वैसे ही प्रतिक्रिया दी जैसे कोई भी गुस्से में देता.
घटना वाली जगह पर मौजूद AAP विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि उन्हें लगा था कि वो सड़क का निरीक्षण करेंगे. उसकी क्वालिटी जांचेंगे और शायद PWD अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे. लेकिन उन्होंने कैमरापर्सन को थप्पड़ मारा और वहां से निकल लिए.
उधर, आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर प्रवेश वर्मा पर हमला बोला है. पार्टी नेताओं ने वीडियो शेयर करते हुए मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ेंः गोरखपुर पानी में डूबा, पार्षद ने की शिकायत तो रवि किशन बोले- 'सपा जॉइन कर लिए हो क्या'
केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांगअरविंद केजरीवाल ने भी प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि 28 सितंबर को वो तिलक नगर जाकर उस सड़क का निरीक्षण करेंगे, जो वीडियो में दिखा है. एक और वीडियो पोस्ट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने पूछा कि PM मोदी ने कैसे-कैसे लोगों को मंत्री बना दिया है जो आम लोगों को इंसान नहीं समझते हैं. आम आदमी पार्टी ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा,
भागो प्रवेश वर्मा... कहां तक भागोगे?
दूसरी तरफ इस मामले को लेकर प्रोटेस्ट भी शुरू हो गया है. इसमें ज्यादातर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं. मांग है कि प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार किया जाए. तिलक नगर से आप के विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि ये घटना हुई तो विकासपुरी पुलिस स्टेशन के SHO वहां मौजूद थे. फिर भी उन्होंने मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि, भागने में मदद की. उन्होंने कहा कि जब तक प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार नहीं किया जाता और उनके खिलाफ FIR दर्ज नहीं की जाती, वो प्रदर्शन करते रहेंगे.
वीडियो: प्रवेश वर्मा ने किसको थप्पड़ मार दिया?












