पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में शनिवार, 26 सितंबर की रात छात्रों ने जमकर हंगामा काटा. LPU में तोड़-फोड़ और आगजनी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. गर्ल्स हॉस्टल की एक कथित घटना को लेकर हिंसा भड़क गई. सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित रेप और बाद में उसके जान देने का दावा किया गया. कुछ पोस्ट में बलात्कार करने का आरोप यूनिवर्सिटी के एक कर्मचारी पर लगाया गया. LPU प्रशासन ने इन दावों को 'झूठा, बेबुनियाद और मनगढ़ंत' बताया. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है.
LPU में 2000 छात्रों का हंगामा, छात्रा से रेप और मौत की खबर फैलने पर तोड़फोड़-आगजनी
पंजाब के फगवाड़ा स्थित Lovely Professional University में छात्रा के साथ रेप के दावों से भड़के छात्रों ने बड़ा प्रदर्शन किया. पुलिस के मुताबिक, करीब 2000 छात्र प्रदर्शन में शामिल हुए. कैंपस में तोड़-फोड़ की गई. यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया.

LPU कैंपस पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा में है. आजतक से जुड़ीं पत्रकार कमलजीत संधू की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि विरोध प्रदर्शन में 2000 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. ये विरोध प्रदर्शन पहले गर्ल्स हॉस्टल के पास शुरू हुआ. इसके बाद स्टूडेंट्स उग्र हो गए और उन्होंने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया.
पुलिस के मुताबिक उन्होंने खिड़कियों के शीशे तोड़े, ईंटें और गमले फेंके, और कैंपस के अंदर इमारतों के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी. स्टूडेंट्स ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे ब्लॉक कर दिया. हाईवे पर ट्रैफिक रुक गया. पुलिस ने स्टूडेंट्स को समझाकर हाईवे का जाम खुलवाया.
इस मामले पर जानकारी देते हुए कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव तूरा ने आजतक के साथ बात की. उन्होंने बताया कि छात्रा के साथ बलात्कार से जुड़े दावे पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रेप की धारा के तहत FIR दर्ज की गई है. SSP ने एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाकर मामले की जांच करने की बात कही.
SSP गौरव तूरा ने बताया कि स्टूडेंट्स के कई वर्जन सामने आए. एक वर्जन में कहा गया कि एक छात्रा के साथ रेप हुआ, और फिर उसने अपनी जान दे दी. एक अन्य वर्जन में स्टूडेंट्स ने दावा किया कि एक छात्रा का रेप हुआ, और फिर वो गुम हो गई. पुलिस सच का पता लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कोई बयान देने सामने नहीं आया. अब छात्रों के बयान दर्ज कर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
LPU में एक छात्रा के जान देने के वायरल वीडियो को SSP ने कुछ दिन पुराना बताया. उन्होंने कहा कि छात्रा के परिवार से बातचीत के बाद उस मामले में कानूनी कार्रवाई की गई थी और पोस्टमार्टम भी कराया गया था.
परिवार ने कहा था कि जैसे-जैसे सबूत सामने आते जाएं, उसी हिसाब से पुलिस कार्रवाई करे. यूनिवर्सिटी के एक सफाई कर्मचारी पर एक छात्रा के साथ बलात्कार करने के आरोप के बारे में SSP ने कहा कि यह जांच का विषय है.
(यह भी पढ़ें: AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED की रेड, राज्यसभा में राघव चड्ढा को हटाकर बने थे डिप्टी लीडर)
यूनिवर्सिटी ने क्या कहा?इस पूरी घटना पर LPU की ओर से भी एक बयान जारी किया गया. यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार मोनिका ग्रोवर का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पूरी तरह झूठी, बेबुनियाद और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं. उनके मुताबिक इससे छात्रों के बीच बेवजह भ्रम पैदा हो रहा है. इससे यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है. मोनिका ग्रोवर ने बताया,
जिस तरह से ऐसी झूठी और गुमराह करने वाली जानकारी को सुनियोजित तरीके से फैलाया जा रहा है, उससे ऐसा लगता है कि यह यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उसकी इमेज खराब करने की एक सोची-समझी और संगठित कोशिश है.
यूनिवर्सिटी ने साफ तौर कहा कि जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है. छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अनुरोध है कि वे ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें. न ही उन्हें फैलाएं और न ही उन्हें बढ़ावा दे.
इस विरोध प्रदर्शन से ठीक एक दिन पहले पंजाब के पटियाला जिले में चितकारा यूनिवर्सिटी में भी ऐसी ही घटना हुई. छात्रों ने कैंपस में भूत और दो छात्राओं के गायब होने की अफवाह में जमकर बवाल काटा. अब LPU में नई घटना सामने आ गई. LPU की स्थापना पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल ने की थी. अशोक मित्तल अब BJP में हैं. इससे पहले वह AAP में थे. फिलहाल अशोक मित्तल ही LPU के चांसलर हैं.
वीडियो: दिल्ली में बस के अंदर एक बार फिर गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार










