The Lallantop

लव मैरिज से नाराज परिवार ने बेंगलुरु से युवती को उठाया, भागते वक्त कई गाड़ियों को मारी टक्कर

Bengaluru Kidnapping Case: बेंगलुरु में राजस्थान की 21 साल की युवती को कथित तौर पर परिवार की ओर से भेजे गए लोगों ने घर से उठा लिया. भागने के दौरान कार कई वाहनों से टकराई, जिसमें छह लोग घायल हुए. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि कार चालक फरार है.

Advertisement
post-main-image
कार रुकवाकर युवती को बचाया गया (Courtesy: @indiatoday

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • राजस्थान की 21 वर्षीय युवती पूजा को उसके परिवार ने बेंगलुरु में उसके घर से जबरन उठाकर Hyundai Venue में जबरन बैठाया गया और कार से भागते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी गई।
  • पूजा और उसके पति ओम प्रकाश ने लगभग आठ-नौ महीने पहले शादी की थी, जो दोनों परिवारों की तरफ से अस्वीकार्य थी, जिसके कारण परिवार ने उसे वापस ले जाने के लिए चार लोगों को बेंगलुरु भेजा।
  • घटना में छह लोग घायल हुए जिनमें एक महिला ICU में भर्ती है, पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और फरार चालक सद्दाम की तलाश कर रही है, पुलिस जांच जारी है।

बेंगलुरु में एक लव मैरिज का विवाद उस वक्त सड़क पर पहुंच गया, जब राजस्थान की 21 साल की एक युवती को कथित तौर पर उसके परिवार की ओर से भेजे गए चार लोग घर से जबरन ले गए. इसके बाद युवती को लेकर भाग रही Hyundai Venue ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. घटना में छह लोग घायल हो गए. इनमें एक महिला को सिर में चोट लगी है और उसे ICU में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, युवती की पहचान पूजा के तौर पर हुई है. पूजा ने करीब आठ से नौ महीने पहले राजस्थान के ही 23 साल के ओम प्रकाश से शादी की थी. दोनों के परिवार इस शादी के खिलाफ थे. शादी के बाद दोनों बेंगलुरु आ गए और अग्रहारा दसरहल्ली इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. पुलिस के मुताबिक, परिवार ने पूजा को वापस राजस्थान ले जाने के लिए चार लोगों को बेंगलुरु भेजा था.

घर से उठाकर कार में ले गए

बुधवार शाम चारों लोग कथित तौर पर पूजा के घर पहुंचे और उसे जबरन Hyundai Venue में बैठाकर ले जाने लगे. स्थानीय लोगों ने जब पूजा की चीखें सुनीं तो उन्होंने कार को रोकने की कोशिश की. इसके बाद आरोपी तेज रफ्तार से विजयनगर और होसाहल्ली की तरफ भागने लगे.

Advertisement

करीब रात 8 बजे भागते वक्त कार कई दूसरे वाहनों से टकरा गई. पुलिस के मुताबिक इस दौरान छह लोग घायल हुए. घायलों में 12 साल के पृथ्वीराज, 9 साल की याशिका, 35 साल के अमूल, 64 साल के मणि, 57 साल की जयलक्ष्मी और 33 साल के संतोष शामिल हैं. जयलक्ष्मी को सिर में चोट लगी और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है.

ये भी पढ़ें: 'वो परेशान कर रहे थे, पूरा वीडियो नहीं है', महिला बाइकर को टक्कर मारने वाले कल्याण बैंसला के बड़े दावे

लोगों ने पीछा किया, कार रुकवाकर युवती को बचाया

कार के पीछे स्थानीय लोग भी लग गए. पुलिस के मुताबिक, होसहल्ल्ली के पास लोगों ने कार को रोक लिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने कार पर पत्थर भी फेंके. एक प्रत्यक्षदर्शी ने 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने और धारदार हथियार से हमले का दावा किया, लेकिन पुलिस ने अभी छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है.

Advertisement

पूजा को सुरक्षित निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने तीन आरोपियों राकेश, करण और अयान को हिरासत में लिया है. तीनों राजस्थान के रहने वाले हैं. राकेश की उम्र 31, करण की 25 और अयान की 18 साल बताई गई है. वहीं कार चला रहा कथित आरोपी सद्दाम फरार है. पुलिस ने Hyundai Venue को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

वीडियो: हरिद्वार में गाड़ी से घूम रह लड़कों का उत्पात, पहले महिला बाइकर, फिर पुलिस से भिड़े

Advertisement