ग्लोबल स्पोर्ट्सवियर ब्रांड एडिडास (Adidas) में भी छंटनी शुरू हो गई है. दावा है कि गुरुग्राम में स्थित इंडिया टेक हब से करीब 50 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा रहा है. इसमें कई सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट और डेटा इंजीनियर शामिल हैं. कंपनी ने खुद माना है कि वो छंटनी कर रही है, लेकिन इससे कितने लोग प्रभावित होंगे ये नहीं बताया है.
टेक ऑफिस के आधे लोगों को घर भेज दिया, इस कंपनी ने भी इंडिया में छंटनी शुरू की
Adidas layoff: Adidas ने गुरुग्राम स्थित इंडिया टेक हब से करीब 350 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. छंटनी दो स्टेप्स में पूरी होगी. एक खेप को टर्मिनेट कर दिया गया है और दूसरी खेप को दिसंबर तक का समय दिया गया है. जानिए आखिर ये सब क्यों किया जा रहा है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट बताती है कि कंपनी का कहना है कि उसकी ज़रूरतें बदल रही हैं. इसलिए ऑपरेटिंग मॉडल पर सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए ये कदम उठाया गया है. बताया गया कि छंटनी दो बार में होगी.
Adidas ने क्या कहा?वर्क कल्चर की रिपोर्ट के मुताबिक एडिडास ने स्टेटमेंट जारी कर कहा,
‘ये बदलाव इसलिए किए गए हैं ताकि ज़रूरी क्षमताओं को मजबूत किया जा सके और तेज़ी से बदलते बिजनेस और टेक्नोलॉजी के माहौल में कंपनी को लंबे समय की सफलता के लिए तैयार किया जा सके. हम एडिडास में अपने सहयोगियों के कई योगदानों के लिए उनके बहुत आभारी हैं. हम इस दौरान प्रभावित सहयोगियों को बदलाव के लिए समय मदद देने को तैयार हैं.’
गुरुग्राम में इंडिया टेक हब की कुल वर्किंग स्ट्रेंथ है 700. अनुमान है कि इनमें से करीब 350 लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है. यानी लगभग 45-50 फीसदी स्ट्रेंथ कम की जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को एक टाउन हॉल मीटिंग के दौरान इस कटौती के बारे में बताया गया. मीटिंग 15 सितंबर को हुई थी.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया को मिलने वाला है नया स्पॉन्सर, फिर से 'वर्ल्ड क्लास' होगी हमारी जर्सी!
जिन लोगों को टर्मिनेट किया गया है उन्हें दो ग्रुप में बांटा गया. एक ग्रुप में वो लोग शामिल थे जिन्हें टाउन हॉल मीटिंग के बाद ही टर्मिनेशन लेटर थमा दिया गया था. दूसरे ग्रुप में वो लोग शामिल हैं, जिन्हें दिसंबर अंत तक का टाइम दिया गया है. उनसे कहा गया है कि दिसंबर तक वो अपना काम दूसरे लोगों को हैंडओवर कर दें. साथ ही उसी संस्थान में अपने लिए कोई नई जगह या नया रोल देख लें. लेकिन अगर 15 दिसंबर तक ऐसा नहीं हुआ, तो वो उनका ऑफिस में आखिरी दिन साबित होगा.
एडीडास के गुरुग्राम ऑफिस में उसकी लोकल मार्केटिंग टीम के साथ-साथ उसका एक ग्लोबल इंजीनियरिंग टेक हब भी है. कंपनी ने हाल के सालों में भारत में अपने कामकाज का विस्तार भी किया है, जिसमें 2024 में चेन्नई में एक ग्लोबल बिज़नेस सर्विसेज़ सेंटर खोलना भी शामिल है.
वीडियो: हिमा दास पहले जूतों पर जिस कंपनी का नाम लिखती थीं, अब वही कंपनी जूतों पर उनका नाम लिख रही है










