छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस के हत्थे एक ऐसा शख्स लगा है जिसे ‘होटलों का लुटेरा’ कहा जा सकता है. आरोपी कथित तौर पर देश के 300 से ज्यादा लग्जरी होटलों में धोखाधड़ी कर चुका है. एक फाइव स्टार होटल ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस की पूछताछ में 69 वर्षीय शख्स ने बताया कि उसने ये सब फ्रांसीसी सीरियल किलर और फ्रॉडस्टर चार्ल्स शोभराज से ‘प्रेरित’ होकर किया.
300 से ज्यादा लग्जरी होटलों में बिना बिल भरे काटी मौज, पुलिस से बोला- '1990 से यही कर रहा हूं'
Raipur पुलिस ने एक 69 साल के शख्स को लग्जरी होटलों से धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी ने बताया कि वो फ्रांसीसी सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज से प्रेरित है. इसलिए उसने ऐसा काम किया.


आरोपी का नाम बिंगसन जॉन है. 69 साल के जॉन तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के रहने वाले है. इंडिया टुडे से जुड़ीं सुमी राजाप्पन की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी जॉन 25 जून को रायपुर के ‘हयात होटल’ में रुके थे. 27 जून की सुबह बिना चेक-आउट किए वहां से भाग गए. होटल वालों ने उन पर 63 हजार 755 रुपये का बिल न चुकाने और एक लैपटॉप चोरी करने का आरोप लगाया. चोरी किए गए लैपटॉप की कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जा रही है. होटल मैनेजमेंट ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जॉन से संपर्क करने की बहुत कोशिश की थी. इसके बाद ही थाने में शिकायत दर्ज कराई.
तेलीबांधा पुलिस ने जॉन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 318 (4) के तहत मामला दर्ज किया. जांच के लिए एंटी-क्राइम, साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की ज्वाइंट टीम बनी. ये टीम आरोपी के जमा डॉक्यूमेंट्स, मोबाइल नंबर और टेक्निकल एनालिसिस के बाद ही भुवनेश्वर पहुंची, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया. कथित तौर पर उसके पास से होटल का लैपटॉप भी बरामद किया गया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो 1990 से अब तक देशभर में 300 से ज्यादा होटलों पर हाथ साफ कर चुका है. उसके खिलाफ 10 से ज्यादा राज्यों में आपराधिक केस दर्ज हैं. वो तिहाड़ समेत कई जेलों में 15 साल से ज्यादा समय रह चुका है. इस दौरान कई कुख्यात अपराधियों के संपर्क में रहा.
पुलिस के मुताबिक, जॉन ने पूछताछ में बताया कि वो सीरियल किलर और फ्रॉडस्टर चार्ल्स शोभराज से प्रेरित था. इसलिए लग्जरी होटलों को अपना निशाना बनाता था. वो होटलों में विदेशी ट्रैवल गाइड, योग इंस्ट्रक्टर और इंग्लिश टीचर बनकर चेक-इन करता था. फिर बिना बिल चुकाए वहां से रुपये या कीमती चीजें लेकर फरार हो जाता था.
चार्ल्स शोभराज कौन है?‘चार्ल्स शोभराज’ दुनिया के सबसे चर्चित सीरियल किलर्स में से एक है. उस पर कई हत्याओं का दोषी पाया गया. BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, चार्ल्स ने एक बस में मौजूद सभी यात्रियों को जहर खिला दिया था. इस अपराध के लिए वो करीब 20 साल तक भारत की जेल में रहा. नेपाल में दो विदेशी नागरिकों की हत्या के लिए भी चार्ल्स ने करीब 19 साल जेल में बिताए. करीब 40 साल तक दोनों देशों में सजा काटने के बाद, दिसंबर 2022 में नेपाली सुप्रीम कोर्ट ने उसे अच्छे व्यवहार और बुढ़ापे का हवाला देकर रिहा कर दिया. बाद में उसे फ्रांस डिपोर्ट कर दिया गया.
वीडियो: कॉकरोच जनता पार्टी के डाटा लीक का आरोप, अभिजीत दिपके क्या बोले?


















