दिन में चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद राहुल गांधी गांधी स्मृति पहुंच गए हैं. उनके साथ विपक्ष के कई नेता एक बस में सवार होकर पहुंचे. इनमें प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं. पहले इस बस को राहुल गांधी के आवास के पास रोक दिया गया था. लेकिन बाद में पुलिस ने इजाजत दे दी.
पेपर लीक पर दिल्ली से बिहार तक भारी हंगामा, गांधी स्मृति पहुंचे राहुल गांधी ने क्या कहा?
दिन भर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ गांधी स्मृति पहुंचे. पहले तो दिल्ली पुलिस ने उनकी बस को राहुल गांधी के आवास से आगे निकलने से रोक दिया. लेकिन देर शाम तक पुलिस ने उनके काफिले को गांधी स्मृति जाने दिया. इस बीच आज दिन में बिहार के कई शहरों में पेपर लीक और दिल्ली में लाठी चार्ज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की
गांधी स्मृति पहुंचने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा,
हमारे नेता महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी. आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है. छात्रों पर जुल्म कर रही है और उनको पीट रही है. विपक्ष इसको स्वीकार नहीं करेगा. हम छात्रों के साथ हैं. नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री को हटाना होगा और माफी मांगनी होगी.
गांधी स्मृति पहुंचकर राहुल गांधी समेत विपक्ष के सांसदों ने फ्लैश लाइट जलाकर प्रदर्शन किया. इस दौरान विपक्षी नेताओं ने प्रतीकात्मक तौर पर मौन प्रदर्शन किया. कोई नारेबाजी नहीं की.
कांग्रेस कार्यकर्ता भी साथ रहे
जब राहुल गांधी घर से बस में सवाल होकर पहुंचे तो उनके आगे आगे कांग्रेस के कार्यकर्ता पैदल चल रहे थे. इस काफिले में बिहार से सांसद पप्पू यादव भी शामिल थे. वे भी पैदल चल रहे थे. वहीं केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन भी अपने काफिले के साथ बस के आगे आगे चल रहे थे.
बिहार में कई जगहों पर प्रोटेस्ट
22 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना में छात्र संगठनों और छात्रों ने प्रोटेस्ट किया. अब 23 जुलाई को राज्य के दूसरे हिस्सों में भी छात्रों ने नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रोटेस्ट किया. मसलन जहानाबाद, कटिहार, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय में छात्रों ने प्रदर्शन किया.
जहानाबाद में पुलिस ने चलाई गोली
जहानाबाद में हजारों की संख्या में छात्रों ने सड़क पर उतर कर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस ने उन पर हवाई फायरिंग की. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने डीएम आवास पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने उनको नियंत्रित करने के लिए गोली चलाई.
मुजफ्फरपुर में हुआ प्रोटेस्ट
मुजफ्फरपुर में भी NEET-UG परीक्षा को लेकर छात्रों और युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पोस्टर-बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.
बेगूसराय में AISF का प्रदर्शन
बेगूसराय में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन AISF ने जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जुलूस निकाला. ये जुलूस जीडी कॉलेज से निकलकर डीएम ऑफिस तक पहुंचा. आंदोलनकारी हाथों में झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. यहां मौजूद छात्रों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.
कटिहार में पुलिस पर पथराव
बिहार के कटिहार जिले में पेपर लीक को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला. प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगड़ गया. पुलिस का दावा है कि छात्रों ने उन पर ईंट पत्थर चलाएं, जिसके बाद उन्होंने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया.
ये भी पढ़ें - दिल्ली पुलिस कमिश्नर को मिला NSA अधिकार, CJP प्रोटेस्ट से जोड़ने पर दी सफाई
पटना में 268 पर नामजद मुकदमा
पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैलाने को लेकर बिहार पुलिस ने 56 लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं तीन थानों में 268 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है. ये मुकदमे पटना के अलग-अलग थानों में दर्ज हुए हैं. बिहार पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पहचान के बाद गिरफ्तारी की जाएगी.
वीडियो: प्रधानमंत्री मोदी के फास्ट ट्रैक कोर्ट के ऐलान पर राहुल गांधी का पलटवार, धर्मेंद्र प्रधान पर क्या कहा?













