पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन विधायकों ने पार्टी छोड़ भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर लिया है. प्रदेश की सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना सीट से एमएलए चेतन सिंह जौरामाजरा ने 1 नवंबर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. इसके अलावा अमृतसर नॉर्थ सीट से कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी बीजेपी ज्वाइन किया है. 2027 के चुनाव से पहले इसे पार्टी के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा है.
पंजाब में 3 AAP विधायकों ने BJP में
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. आम आदमी पार्टी ने अपने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. मगर इस लिस्ट के आते ही तीन विधायकों ने पार्टी छोड़ भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर लिया है. इसके बाद बयानबाजियों का दौर भी शुरू हो गया है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों नेताओं ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ली. इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा पंजाब के प्रभारी सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि नेताओं का दल बदलना एक आम बात है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में AAP की हार होगी.
ये भी पढ़ें: पंजाब चुनाव के लिए AAP ने 40 कैंडिडेट घोषित किए, 2 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया
पार्टी ज्वाइन करते ही क्या बोले?भाजपा ज्वाइन करते ही कुंवर विजय प्रताप ने AAP सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा, 'पंजाब अपनी पहचान के लिए लड़ रहा है. पंजाब में अब कोई 'पंजाबियत' नहीं बची है. गैंगस्टर, पंजाब सरकार का हिस्सा बन रहे हैं.' पिछले साल जून में AAP ने विजय प्रताप को पांच साल के लिए सस्पेंड कर दिया था. उनपर आरोप लगा था कि वे एंटी पार्टी एक्टिविटी में शामिल हुए थे. विजय प्रताप IPS अधिकारी के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं.
वहीं, पठानमाजरा ने कहा कि किसानों पर बढ़ता कर्ज का बोझ और पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है. उनका कहना है कि पंजाब में भाजपा सरकार ही लॉ एंड ऑर्डर ला पाएगी.
ये सब कुछ तब हो रहा है जब आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है. विधायकों ने लिस्ट जारी होने के बाद इस्तीफा सौंपा है. लेकिन पार्टी ने अब तक समाना और सनौर में से किसी भी सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है.
वीडियो: यूपी बुलेटिन: चुनाव आयोग के X पोस्ट पर बवाल, कांग्रेस और AAP क्या बोले?









