The Lallantop

पंजाब में ASI की गोली मारकर हत्या, तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली जिम्मेदारी

पंजाब के अमृतसर में ASI हरजीत सिंह ड्यूटी पर तैनात थे तभी उनपर हमला हुआ. उन्हें तीन गोलियां लगीं जिसके बाद उनकी मौत हो गई. तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के एक संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. हालांकि, अभी इन दावों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement
post-main-image
अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की ऑन ड्यूटी हत्या कर दी गई. (courtesy: @BhagwantMann)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • अमृतसर में 18 सितंबर की रात ASI हरजीत सिंह को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जिन पर तीन गोलियां लगीं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
  • इस घटना के पीछे तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान संगठन का दावा है, जो इससे पहले इसी महीने अमृतसर में एक और पुलिस अधिकारी पर हमले की जिम्मेदारी भी ले चुका है।
  • पंजाब सरकार ने ASI हरजीत सिंह के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है, वहीं SIT जांच कर रही है और पुलिस पूरे सम्मान के साथ अंत्येष्टि करेगी।

पंजाब के अमृतसर में एक ASI की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना 18 सितंबर की रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है. इस महीने किसी पुल‍िसवाले पर अटैक की ये दूसरी घटना है. ASI का नाम हरजीत सिंह है. जानकारी के मुताबिक, ASI हरजीत सिंह अपनी ड्यूटी पर थे और मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी. 

Advertisement
कैसे हुआ हमला?

ASI हरजीत सिंह को तीन गोलियां लगीं. हरजीत सिंह तरनतारन जिले के रहने वाले थे. घटना के बाद ASI हरजीत सिंह को अमनदीप अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है.

हरजीत सिंह गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में तैनात थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमला अमृतसर के भगतांवाला इलाके के पास हुआ. फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला किसने किया और इसके पीछे वजह क्या थी.

Advertisement

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के एक संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. इससे पहले 11 सितंबर को अमृतसर के अजनाला में ASI जसवंत सिंह पर हुए हमले को लेकर भी इसी संगठन ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. हालांकि, अभी इन दावों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है.

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने क्या कहा?

इस घटना के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ASI हरजीत सिंह को श्रद्धांजलि दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरजीत सिंह ने ड्यूटी करते हुए अपनी जान गंवाई और सरकार इस मुश्किल समय में उनके परिवार के साथ खड़ी है.

मुख्यमंत्री ने परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है. वहीं HDFC Bank की तरफ से परिवार को 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त इंश्योरेंस कवर देने की बात कही गई है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: पंजाब में ड्यूटी पर जा रहे हैं ASI की गोली मारकर हत्या, अकाली दल ने AAP सरकार को घेरा

घटना के बाद पंजाब के DGP गौरव यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने अफसर के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने बताया कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मूवमेंट ट्रेल को खंगाला जा रहा है. जांच के लिए SIT का गठन हुआ है.  

इससे पहले मई महीने में भी पंजाब पुलिस के एक ASI की अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना 24 मई को हुई थी. ASI को दो गोलियां मारी गईं. एक गोली कंधे पर लगी, जबकि दूसरी कमर पर लगी थी. जिस वक्त हमला हुआ, ASI गुरदासपुर से ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे. वो मजीठा के रास्ते से अमृतसर की तरफ बढ़ रहे थे. इसी दौरान उन पर गोली चली थी. पंजाब पुलिस ने भी कहा है कि ASI हरजीत सिंह को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.

वीडियो: पंजाबी सिंगर एमी विर्क के कॉन्सर्ट में फायरिंग, किस पर हुआ हमला?

Advertisement