BRICS शिखर सम्मेलन खत्म हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं और सोशल मीडिया पर एक ऐसा दावा तेजी से फैलने लगा, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. दावा किया गया कि भारत में हुई BRICS समिट में शामिल होने के बाद कई देशों के नेताओं की तबीयत बिगड़ गई. मामला इतना बढ़ा कि अब भारत के विदेश मंत्रालय को सफाई देनी पड़ी.
'BRICS समिट के बाद ये दो राष्ट्रपति बीमार हो गए', विदेश मंत्रालय ने इस दावे का सच बताया
दावा किया गया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग BRICS समिट के दौरान बेहोश हो गए थे और उन्हें बाद में बीजिंग के 301 अस्पताल में भर्ती कराया गया. ऐसा ही एक दावा साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा को लेकर भी किया गया. लेकिन अब भारत के विदेश मंत्रालय ने सच बताया है.

सबसे ज्यादा चर्चा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को लेकर हुई. सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि शी जिनपिंग BRICS समिट के दौरान बेहोश हो गए थे और उन्हें बाद में बीजिंग के 301 अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन अब भारत के विदेश मंत्रालय यानी MEA ने इन दावों को साफ-साफ कहा कि ये सब दावे झूठे हैं.
MEA ने क्या पोस्ट किया?17 सितंबर को MEA की फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि BRICS समिट में शामिल होने के बाद कई देशों के नेताओं के बीमार पड़ने से जुड़ी खबरें फर्जी हैं. मंत्रालय ने लोगों को ऐसे “भ्रामक पोस्ट” से सावधान रहने को कहा है.
पहले बात शी जिनपिंग की. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को नई दिल्ली में हुई ब्रिक्स समिट में पहुंचे थे. उन्होंने समिट में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय मीटिंग भी की. हालांकि, शी जिनपिंग समिट के ‘गाला डिनर’ में शामिल नहीं हुए. इसी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी तबीयत को लेकर तरह-तरह के दावे शुरू हो गए.
इसके बाद चीन डेमोक्रेसी पार्टी के चेयरमैन वानजुन झी (Wanjun Xie) ने X पर दावा किया कि शी जिनपिंग ब्रिक्स समिट के दौरान बेहोश हो गए थे. दावा किया कि शी जिनपिंग को गंभीर स्ट्रोक हुआ और उन्हें इलाज के लिए बीजिंग के 301 अस्पताल ले जाया गया.
कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में तो यह भी दावा किया गया कि शी जिनपिंग को भारत में इलाज कराने के बजाय इमरजेंसी में चीन वापस ले जाया गया. लेकिन इन दावों के समर्थन में कोई सबूत नहीं है.
सबसे अहम बात कि चीन की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक शी जिनपिंग ब्रिक्स समिट के बाद दूसरे चीनी अधिकारियों के साथ उसी फ्लाइट से बीजिंग लौटे थे. यानी उस स्पेशल मेडिकल फ्लाइट वाले दावे की भी पुष्टि नहीं होती.
ये भी पढ़ें: BRICS Summit 2026 के 5 Viral Moments, मोदी से पुतिन तक चर्चा
साउथ अफ्रीका तक फैली अफवाहसाउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा BRICS से लौटने के बाद पब्लिक में आने से बचते रहे. 16 सितंबर को साउथ अफ्रीकन प्रेसीडेंसी ने आधिकारिक तौर पर बताया कि राष्ट्रपति की तबीयत खराब है और डॉक्टर की सलाह पर उन्हें आराम करने के लिए पब्लिक में आने से मना किया गया है.
यानी सिरिल रामफोसा के अस्वस्थ होने की खबर कन्फर्म है. लेकिन तबीयत खराब होने की वजह नहीं बताई गई है. और ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है कि उनकी तबीयत BRICS समिट में शामिल होने की वजह से खराब हुई है. यही खबर सोशल मीडिया पर चल रही शी जिनपिंग की तबियत से जुड़े दावों के साथ जोड़ी गई. फिर ये भ्रम फैलने लगा कि ब्रिक्स समिट में शामिल होने वाले कई नेताओं की तबियत खराब हो गई.
वीडियो: BRICS पर विदेशी मीडिया ने क्या-क्या लिखा?











