'तुमने शॉर्ट्स क्यों पहनें हैं?, क्या तुम्हें हिंदू संस्कृति समझ नहीं आती?' यह कहते हुए एक शख्स को थप्पड़ मारा गया. उसकी पत्नी को कथित तौर पर घसीटा गया. घटना पुणे के पास सिंहगढ़ किले में हुई. पुलिस ने मामले में 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. यह लोग 'समस्त हिंदू बांधव आर्मी' नाम के समूह के सदस्य बताए गए हैं. आरोप है कि इन लोगों ने अन्य पर्यटकों के साथ भी मारपीट की थी.
सिंहगढ़ किला देखने आए परिवार को कपड़े देखकर मारा, कहा- 'हिंदू संस्कृति नहीं पता'
Sinhagad Fort tourist assault: आरोप है कि पुणे के पास सिंहगढ़ किले में घूमने आए पर्यटकों के साथ मारपीट की गई. एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों ने कथित तौर पर शॉर्ट्स पहनने के कारण उनके साथ बदसलूकी की.

घटना रविवार, 16 अगस्त को हुई. पीड़ित पुणे की एक प्राइवेट कंपनी में सीनियर मैनेजर हैं. वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ सिंहगढ़ किला घूमने गए थे. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जब वह सेनापति तानाजी मालुसरे (छत्रपति शिवाजी महाराज के सेनापति) का स्मारक देखकर लौट रहे थे, तब एक ग्रुप ने उन्हें रोका. कथित तौर पर उनके कपड़ों पर सवाल किए. उस ग्रुप में महिलाएं भी थीं.
आरोप है कि उन लोगों ने पूछा, ‘आपने शॉर्ट्स क्यों पहनें हैं?’ इसके बाद ग्रुप के तीन लोगों ने सीनियर मैनेजर को थप्पड़ मार दिया. एक महिला ने उनकी पत्नी को घसीटा. इस दौरान आरोपियों ने कहा, ‘क्या तुम्हें हिंदू संस्कृति समझ नहीं आती?’
किले से नीचे उतरने के बाद पीड़ितों ने पुलिस पेट्रोल टीम को मामले की जानकारी दी. उन्होंने शिकायतकर्ता को हवेली पुलिस स्टेशन भेजा. स्टेशन पर उन्हें पता चला कि अलग-अलग ग्रुप के तीन अन्य टूरिस्ट (जिनमें एक महिला भी शामिल थी) को भी उन्हीं हमलावरों ने थप्पड़ मारा था. प्लास्टिक की छड़ों से पीटा था.
पुलिस ने इस मामले में अब 8 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है. ये FIR जान-बूझकर चोट पहुंचाने, खतरनाक हथियारों या तरीकों से चोट पहुंचाने, गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने, दंगा करने और आपराधिक धमकी देने के आरोपों में दर्ज की गई.
आरोपियों की पहचान संकेत संजय पाटिल, आशीष दिलीप अपार, रेवन नारायण कोक्ते, सायली सुजीत चव्हाण, केतकी सूरज जाधव, अमर रामचंद्र शिर्के, कुणाल किसान नलवाडे और आर्या प्रवीण कवाडे के तौर पर हुई है.
ये भी पढ़ें: प्रीलिम्स के 8 सवालों को लेकर UPSC पर भड़के छात्र, मेन्स से पहले CAT ने नोटिस भेजा
हवेली पुलिस स्टेशन के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश रामघरे ने कहा है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. आगे जांच चल रही है. एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में कुछ लोगों ने सिंहगढ़ किले के एंट्री गेट पर पोस्टर लगाया था. उस पर लिखा था,
सिंहगढ़ किले में 15 अगस्त को क्लैश"यह किला हिंदुओं का है और मुसलमानों को यहां आने की इजाजत नहीं है."
सिंहगढ़ किले पर 15 अगस्त को दो गुटों के बीच क्लैश हो गया था. दो गुटों के बीच कथित तौर पर झड़प हुई और पत्थरबाजी हुई. कई पर्यटकों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने भारी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और लड़कियों के साथ बदसलूकी की. पर्यटकों का कहना था कि भीड़ में फंसी कुछ महिलाओं को जानबूझकर गलत तरीके से छुआ गया. क्लैश के बीच की असल वजह पता नहीं लग पाई है.
वीडियो: अब UGC NET 2026 का होगा री-एग्जाम, NTA को मिली गड़बड़ियां









