The Lallantop

इंस्टाग्राम पर दोस्ती फिर लड़की को कमरे में बांधकर किया रेप, डिलीवरी बॉय की मदद से पकड़ा गया

Nagpur में पुलिस ने एक कमरे का दरवाजा तोड़कर 16 साल की नाबालिग लड़की को छुड़ाया, जिसे 30 घंटे बंधक बनाकर रखा गया था. आरोप है कि इस दौरान उसके साथ कई बार बलात्कार किया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. (फोटो: इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • नागपुर में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को आरोपी ने 30 से अधिक घंटे तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया और कई बार बलात्कार किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
  • यह मामला इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर दोस्ती करने के बाद ब्लैकमेलिंग और धमकी देने की पृष्ठभूमि में सामने आया, जिसने लड़की को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित किया।
  • पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और डिलीवरी बॉय के सहयोग से आरोपी के कमरे तक पहुंचकर लड़की को सुरक्षित रिहा कराया तथा आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया।
author-image
योगेश पांडे

महाराष्ट्र के नागपुर में 16 साल की एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर 30 घंटे से ज्यादा समय तक बंधक बनाकर रखा गया. आरोप है कि इस दौरान उसके साथ कई बार बलात्कार किया गया और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर पीड़िता को बाहर निकाला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
क्या है पूरा मामला?

आजतक से जुड़े योगेश पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान निर्भय उर्फ आकाश माधव पाखरे (19) के तौर पर हुई है, जो ठाणे का रहने वाला है. आकाश ने लड़की को नागपुर के दिघोरी इलाके में एक किराए के कमरे में 30 घंटे से ज्यादा समय तक बंधक बनाकर रखा. इस दौरान उसके साथ कई बार रेप किया. पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की देर रात टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर लड़की को बाहर निकाला. 

पुलिस ने बताया कि लड़की बिस्तर से बंधी हुए मिली थी. उसके शरीर पर करीब 20 चोटों के निशान थे. कलाइयों और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए घाव भी मिले. कमरे से 30 से ज्यादा धारदार हथियार बरामद किए गए. पुलिस का दावा है कि जब टीम अंदर पहुंची तो आरोपी लड़की के गले पर चाकू लगाए हुए था. लड़की को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है

Advertisement
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

पुलिस के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत पिछले साल इंस्टाग्राम पर हुई थी. आरोपी ने ‘आकाश मेहरा’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लड़की से दोस्ती की. बातचीत बढ़ने के बाद उसने कथित तौर पर लड़की की निजी तस्वीरें हासिल कर लीं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.

पुलिस का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर धमकी देकर लड़की पर मिलने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा. पहले उसने एक होटल में उसका यौन शोषण किया और बाद में जब भी नागपुर आता, तो उसे किराए के कमरे पर बुलाता था.

डिलीवरी बॉय से मिला सुराग

पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त को लड़की के लापता होने के बाद उसके परिवार ने हुडकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई. मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर तलाश शुरू की गई, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस को वह कमरा नहीं मिल सका, जहां लड़की को रखा गया था. तलाशी के दौरान पुलिस को उसी इलाके में एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी बॉय दिखाई दिया, जो किसी ऑर्डर की डिलीवरी करने जा रहा था. 

Advertisement

पुलिस ने उस डिलीवरी बॉय को रोका और डिलीवरी से जुड़े मोबाइल नंबर की जांच की. जब पुलिस ने उस नंबर का मिलान पीड़िता के मोबाइल की कॉल डिटेल्स से किया, तो वह मैच हो गया. पुलिस को तुरंत समझ आ गया कि यह खाना उसी फ्लैट के लिए जा रहा है जहां आरोपी मौजूद है. इसके बाद पुलिस टीम ने डिलीवरी बॉय का पीछा किया. पुलिस किराए के कमरे तक पहुंची और लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

ये भी पढ़ें: Rapido ड्राइवर ने नाबालिग से किया रेप, सर्वाइवर ने ChatGpt से मांगी मदद, FIR दर्ज

डीसीपी रश्मिता राव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. उसे अदालत में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है.

वीडियो: पश्चिम बंगाल बरुईपुर रेप-मर्डर केस के आरोपी का एनकाउंटर, मां ने क्या कहा?

Advertisement