The Lallantop

पूरे परिवार ने रात को खाया तरबूज, सुबह अस्पताल में सबकी मौत हो गई

Mumbai Police ने बताया कि परिवार ने रात को सोने से पहले तरबूज खाया था. अगले दिन उनकी तबियत बिगड़ गई. इसके बाद एक-एक करके परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई. इस मामले में क्या पता चला है?

Advertisement
post-main-image
परिवार ने रात को सोने से पहले तरबूज खाया था. (सांकेतिक फोटो: इंडिया टुडे)

महाराष्ट्र के मुंबई में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि परिवार ने रात को सोने से पहले तरबूज खाया था. अगले दिन उनकी तबियत बिगड़ गई. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक-एक करके परिवार के सभी सदस्यों ने अपना दम तोड़ दिया. पुलिस ने कहा कि फूड पॉइजनिंग की वजह से ऐसा हो सकता है. तरबूज को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है पूरा मामला?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि साउथ मुंबई में पाइधोनी की मुगल बिल्डिंग में रहने वाले अब्दुल्ला डोकाडिया (40) और पत्नी नसीम (35) और उनकी दो बेटियों आयशा (16) और जैनब (13) की रविवार, 26 अप्रैल को मौत हो गई.

मेहमानों ने नहीं खाया तरबूज

DCP प्रवीण मुंधे (जोन I) ने बताया कि परिवार ने शनिवार रात अपने घर पर पांच रिश्तेदारों को आमंत्रित किया था, जिनमें अब्दुल्ला के भाई और बहन भी शामिल थे. उन सभी नौ लोगों ने रात करीब 10:30 बजे साथ में खाना खाया, जिसके बाद वे पांच मेहमान अपने घर लौट गए. मुंधे ने बताया कि मेहमानों के जाने के बाद, रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच परिवार ने तरबूज खाया था.

Advertisement

रविवार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच चारों को उल्टी और दस्त होने लगे. सबसे पहले उनका इलाज फैमिली के एक डॉक्टर ने किया. फिर उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर कर दिया गया. सुबह 10:15 बजे छोटी बेटी आयशा की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी और नसीम की भी उसी दिन मौत हो गई. अब्दुल्ला ने रात 10:30 बजे दम तोड़ दिया. अंधेरी में उनकी मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान थी.

ये भी पढ़ें: जहरीला भी हो सकता है तरबूज, मिलावट पता करने का तरीका आज जान लीजिए

तरबूज को होगी जांच

पुलिस ने बाकी पांच मेहमानों की भी जांच की, लेकिन किसी में कोई लक्षण नहीं दिखे. इसलिए, अभी पुलिस यह मानकर चल रही है कि परिवार के साथ खाना खाने से बीमारी हुई है. जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर रईस शेख ने बताया कि मौत से पहले उन्होंने अब्दुल्ला का बयान दर्ज कर लिया था. अब्दुल्ला ने उन्हें बताया था कि सोने से पहले उन्होंने तरबूज खाया था.

Advertisement

एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने रात का बचा हुआ खाना और आधा तरबूज फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में जांच के लिए भेज दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें कोई जहरीला पदार्थ तो नहीं है. पुलिस ने कहा कि वे फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.

वीडियो: नोएडा में पानी भरे गड्ढे में डूबकर छात्र की मौत, तीन को किया गया रेस्क्यू

Advertisement