गुजरात के सूरत जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद शव को एक सुनसान घर में लकड़ी के संदूक में छिपा दिया. फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. कपल के घर से एक नोट भी मिला, जो खुद आरोपी ने लिखा था. इस नोट के जरिए ही पुलिस आरोपी तक पहुंची.
डाइटीशियन पत्नी पर अफेयर का शक था, हत्या करके सीमेंट से भरे बक्से में दबा दी लाश
यह मामला तब सामने आया जब आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी लापता हो गई है. कपल के घर से एक नोट भी मिला है. इस नोट के जरिए ही पुलिस आरोपी तक पहुंची.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान विशाल साल्वी (40) के तौर पर हुई है. यह मामला तब सामने आया जब आरोपी ने पुलिस से संपर्क कर बताया कि उसकी पत्नी शिल्पा साल्वी (39) लापता हो गई है. उसने दावा किया कि पेशे से डाइटीशियन शिल्पा को आखिरी बार चार दिन पहले देखा गया था. पुलिस ने गुमशुदगी की जांच शुरू की.
जांच के दौरान कपल के घर से एक नोट बरामद किया हुआ, जिसे कथित तौर पर विशाल ने खुद लिखा था. यह नोट उनके नाबालिग बेटे को मिला था, जिसे उसने पुलिस को सौंप दिया. इस नोट में एक तरह का कबूलनामा लिखा था, जिसमें कहा गया था कि उसने एक बहुत बड़ी गलती कर दी है और अब शिल्पा जीवित नहीं हैं. इसके बाद पुलिस ने अपना ध्यान गुमशुदगी के केस से हटाकर हत्या के केस पर लगा दिया.
पुलिस ने सलाबतपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आरोपी से जुड़ी एक पुरानी और खाली प्रॉपर्टी का पता लगाया. जब पुलिस अधिकारियों ने ताला तोड़कर उस बंद घर को खोला, तो उन्हें कमरे के एक कोने में रखा हुआ लकड़ी का एक संदूक दिखा, जिससे बहुत तेज बदबू आ रही थी. बक्से के अंदर उन्हें लापता महिला की सड़ी-गली लाश मिली. शव को सूखे सीमेंट में छिपाकर रखा गया था.

ये भी पढ़ें: सिर पर हथौड़ा मारकर पत्नी की हत्या कर दी, फिर पुलिस स्टेशन जाकर बोला-'कोई पछतावा नहीं...'
शुरुआती जांच से पता चलता है कि हत्या गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने से चार से पांच दिन पहले हुई होगी. सीनियर पुलिस ऑफिसर कानन देसाई ने बताया कि नोट मिलने से जांच का तरीका काफी बदल गया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीमें मदद कर रही हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, कपल के बीच लंबे समय से शादी में अनबन चल रही थी. आरोप है कि पति को अपनी पत्नी पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का शक था. यह हत्या की एक वजह हो सकती है, जिसकी जांच चल रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
वीडियो: पत्नी से बहस के बाद 8 बच्चों को गोली मारी, पुलिस ने आरोपी का क्या किया?























