The Lallantop

मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कोहरे में 8 बसें और 3 कारें भिड़ीं, आग में 4 की मौत, 25 घायल

Mathura Yamuna Expressway Bus Accident: आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. जान बचाने के लिए कुछ लोग बसों की खिड़कियों से कूद पड़े, तो कई यात्री वाहनों के अंदर ही फंसे रह गए. हादसे से किसी तरह बचकर निकले एक शख्स ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.

Advertisement
post-main-image
हादसे के बाद धू-धूकर जलीं बसें. (Photo: ITG)
author-image
मदन गोपाल शर्मा

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ है. यहां 16 दिसंबर, मंगलवार तड़के कई बसें और कार आपस में टकरा गईं. हादसा इतना भीषण था कि बसों ने आग पकड़ ली. हादसे में अब तक 4 लोगों के मारे जाने की खबर है. वहीं लगभग 25 यात्री घायल हुए हैं. आशंका है कि घायलों और मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.

Advertisement

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. राहत कार्य जारी है. वहीं घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें बसें एकदम क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दे रही हैं. जानकारी के अनुसार यह हादसा आगरा से नोएडा रूट पर थाना बलदेव के गांव खडे़हरा के पास माइल स्टोन 125 के निकट हुआ.

खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

बताया गया है कि आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कुछ लोग खिड़कियों से नीचे कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे. वहीं कई लोग वाहनों के अंदर ही फंसे रहे. हादसे से बचकर निकले कानपुर के सौरभ ने आजतक को बताया कि कोहरा घना था और कुछ दिख नहीं रहा था. जिसके चलते 8 बसें और करीब 3 कारें आपस में टकरा गईं. हादसे के बाद वाहनों में आग लग गई और 5 से ज्यादा लोग अंदर ही जल गए. जबकि कई लोग घायल हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा: फुटबॉल मैदान पर उतरने की कोशिश में प्लेन क्रैश, आग लगने से मची तबाही

सहायता राशि का ऐलान

वहीं मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने आजतक को बताया कि हादसे में 5 बस और 2 गाड़ियां आपस में टकरा गई, जिसकी वजह से आग लग गई. 4 लोगों की मृत्यु हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं. मृतकों को 2 लाख रुपए की राहत राशि देने के भी निर्देश दिए गए हैं. वहीं एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हादसा सुबह लगभग 4 :45 के करीब हुआ.

वीडियो: जयपुर सड़क हादसा: ड्राइवर ने अपना गुनाह क़ुबूल करते हुए कहा- 'घर का कलेश, नशा बना हादसे की वजह'

Advertisement

Advertisement