मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पांच भाइयों के घरों में कथित तौर पर रहस्यमय तरीके से बार-बार आग लग रही है. शुरू में किसी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया. लेकिन अब ये मामला चर्चा का विषय बन गया है. दावा है कि कभी किसी भाई के घर, तो कभी किसी के घर अचानक आग लग जाती है. हाल में प्रशासन ने घरों का कुछ हिस्सा सील किया था. दिलचस्प बात ये कि इसके बाद से आग लगने की कोई नई घटना नहीं हुई. इससे मामले का ये पहलू जांच का विषय बन गया है.
ग्वालियर में पांच भाइयों के घरों में बार-बार आग क्यों लग रही? बाहर सोने को मजबूर हुए
ग्वालियर में पांच भाइयों के घरों में अचानक आग लग रही है. उनका काफी सामान जल चुका है. परिवार दहशत में घर के बाहर सो रहा है. मामले में तांत्रिकों से लेकर प्रशासन तक की एंट्री हो गई है.


ग्वालियर से 30 किलोमीटर दूर अंतरी नाम का गांव है. यहीं रहते हैं ये पांच भाई- कल्याण सिंह बघेल, सेवाराम बघेल, कामता प्रसाद बघेल, महेंद्र बघेल और लक्षीराम बघेल हैं. परिवार के सदस्यों ने दावा किया है कि बिना किसी साफ वजह के उनके घरों के सामान में आग लग रही थी. कपड़े, बिस्तर और यहां तक कि खाने-पीने की चीजों में भी अचानक आग लग जाती थी. एक-एक कर घर का काफी सारा सामान जल गया है.
‘पड़ोसी के घर में रखा सामान भी जला’इंडिया टुडे से जुड़े सर्वेश पुरोहित की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले कल्याण सिंह के घर में कपड़े और बिस्तर में आग लगी. कथित तौर पर कुछ ही देर बाद भाई सेवाराम के घर में रखे खाने का सामान जलने लगा. देखते ही देखते पांचों भाइयों के घर आग की चपेट में आने लगे.
परिवार का कहना है कि घर में न कोई शॉर्ट सर्किट है, न चूल्हा जल रहा है. फिर भी अचानक सामान में आग लगे जा रही थी. आग इतनी अचानक लगती कि बुझाने का मौका भी नहीं मिलता. सामान पड़ोसी के घर रखना पड़ा, तब भी जल जाता. डर के मारे परिवार के लोगों ने घर के बाहर खुले आसमान में सोना शुरू कर दिया.
पीड़िता पुष्पा बघेल ने रिपोर्टर से बात करते हुए कुछ दिन पहले बताया था,
“पूरे मकान में आग लगी रही है. कपड़े, पलंग में आग लग रही. 4 महीना हो गए. हम घर में नहीं रह पा रहे. कुछ खा नहीं पा रहे. सामान सारा जल गया. पता नहीं कैसे आग लग रही है. अपने आप लग रही है. कपड़े टांगेंगे, तो उसमें लग जाएगी.”
कई ग्रामीणों ने इसे भूत-प्रेत या जादू-टोने का असर मानकर कई तांत्रिकों को बुला लिया. मामला प्रशासनिक अधिकारी तक पहुंचा. प्रशासन, पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने मौके से विभिन्न-सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल मकान के कुछ हिस्सों को सील कर दिया गया है. इसके बाद से आग की कोई नई घटना सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: सिया गोयल का जो लाई डिटेक्टर टेस्ट होगा उस पर वैज्ञानिक यकीन क्यों नहीं करते?
मगर एहतियात के तौर पर प्रशासन ने गांव में पानी से भरा टैंकर खड़ा किया है. फायर ब्रिगेड की टीम को भी स्टैंडबाय पर रखा है ताकि आग फैलने पर तुरंत काबू पाया जा सके. ग्रामीणों ने भी आग बुझाने के लिए अपने-अपने घरों में बर्तनों में पानी भरकर रख लिया है. पुलिस अब भी आग के स्पष्ट कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
वीडियो: न्यूयॉर्क की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़ा Russian Couple, लहराया शांति का संदेश
















