उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई. आरोप है कि बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य के रोड शो के दौरान लगे भीषण जाम की वजह से कई अभ्यर्थी समय पर एग्जाम सेंटर ही नहीं पहुंच सके. मामला सामने आने के बाद बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा एग्जाम कराने की मांग की.
UP BJP प्रदेश उपाध्यक्ष के रोड शो से लगा लंबा जाम, छात्राओं का TET का पेपर छूट गया
उत्तर प्रदेश के बदायूं में BJP नेता Durvijay Shakya के रोड शो की वजह से कई अभ्यर्थियों की TET परीक्षा छूट गई. इस पर सपा सांसद आदित्य यादव ने सरकार को घेरते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 2 जुलाई की है. उस दिन TET परीक्षा का पहला दिन था. इस दिन बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य बरेली से रोड शो करते हुए बदायूं पहुंच रहे थे. बताया गया कि उनके काफिले में सौ से ज्यादा गाड़ियां थीं.
संयोग ऐसा रहा कि उसी दिन बारिश भी हुई. बरेली-बदायूं हाईवे पहले से निर्माणाधीन था, ट्रैफिक पहले ही धीमा चल रहा था. ऊपर से रोड शो और स्वागत कार्यक्रम. जिसके चलते धीमी रफ्तार वाला ट्रैफिक पूरी तरह जाम में बदल गया. और इसी जाम में कई अभ्यर्थियों का भविष्य भी फंस गया.
जब परीक्षा छूटने की खबरें सामने आईं तो लोगों ने पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ बीजेपी नेता पर भी सवाल उठाए. विवाद बढ़ा तो बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य ने कहा,
“हम पहली शिफ्ट की परीक्षा शुरू होने के बाद बरेली से निकले थे. दूसरी शिफ्ट शुरू होने से पहले हम शहर में भी नहीं पहुंचे थे. हाईवे निर्माणाधीन है, ओवरब्रिज बंद है और अंडरपास में जलभराव था. जाम न लगे इसलिए हमने पुलिस को दो दिन पहले ही सूचना दे दी थी.”
यानी उनकी दलील है कि जाम की वजह उनका काफिला नहीं बल्कि सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था थी.
बदायूं की SSP अंकिता शर्मा ने कहा,
“ओवरब्रिज बंद था, अंडरपास में पानी भर गया था. पुलिस ने परीक्षा और वीआईपी मूवमेंट दोनों के लिए तैयारी की थी, लेकिन बारिश के कारण हालात बिगड़ गए. अगर कहीं कोई कमी रही है तो उसकी जांच कराई जाएगी.”
ये भी पढ़ें: अब महाराष्ट्र में TET का पेपर लीक, परीक्षा होने से पहले ही टल गई
सपा नेता ने घेर लियाबदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने ‘एक्स’ पर दो महिला अभ्यर्थियों का वीडियो शेयर किया. वीडियो में दोनों छात्राएं बता रही हैं कि जाम की वजह से वे समय पर एग्जाम सेंटर नहीं पहुंच सकीं. इस पोस्ट में आदित्य यादव ने लिखा,
“यह बेहद दुखद और चिंताजनक है कि सालों की मेहनत और लगभग छह साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित इस अहम परीक्षा में प्रशासनिक अव्यवस्था की वजह से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ… यह उन युवाओं के साथ अन्याय है जिन्होंने पूरी मेहनत और समय से निकलने के बावजूद व्यवस्था की विफलता का खामियाजा भुगता.”
इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि जाम की वजह से जिन अभ्यर्थियों का पेपर छूटा, उनकी निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें दोबारा एग्जाम देने का मौका दिया जाए.
वीडियो: महाराष्ट्र में TET एग्जाम का पेपर लीक, 3 आरोपी गिरफ्तार
















