The Lallantop

लॉरेंस बिश्नोई का भांजा सचिन थापन न खा रहा न बोल रहा, इलाज करवाने से भी इनकार किया

Lawrence Bishnoi Nephew Sachin Thapan hospitalized: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी सचिन थापन की जेल में तबीयत बिगड़ गई है. वह कई दिनों से कुछ भी खा-पी नहीं रहा है. मौन व्रत का हवाला देते हुए उसने अधिकारियों से बात भी नहीं की.

Advertisement
post-main-image
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में सचिन थापन आरोपी है. (Courtesy-इंडिया टुडे)

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भांजे सचिन थापन की अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में तबीयत बिगड़ गई है. उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. पिछले 17-18 दिनों से उसने खाना-पीना छोड़ रखा है. डॉक्टर्स के मुताबिक, उसकी हालत ‘थोड़ी गंभीर’ है. सचिन थापन पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के प्रमुख आरोपियों में शामिल है.

Advertisement

बताया गया कि सचिन ने नवरात्र से पहले एक मांग रखी थी. वो चाहता था कि उसके दो साथियों को उसकी बैरक में रखा जाए. लेकिन अपनी मांग के लिए लिखित में कोई आवेदन पत्र नहीं दिया था.

दोनों आरोपियों ने जेल में तोड़े CCTV कैमरा

इंडिया टुडे से जुड़े चंद्रशेखर से बात करते हुए जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि सचिन थापन ने नवरात्र का व्रत रखा था. व्रत शुरू करने से दो दिन पहले उसने कहा था कि उसके दो साथियों को उसकी बैरक में रखा जाए. लेकिन उसने कोई लिखित में पत्र नहीं दिया. सिर्फ बोलकर ही ये मांग रखी थी. जिन लोगों को वो अपने साथ रखने की बात कर रहा है, वह भी हाई सिक्योरिटी जेल में ही बंद हैं.

Advertisement

जेल अधीक्षक ने आगे कहा,

उन दोनों ने पिछले दिनों अपनी बैरक में लगे CCTV कैमरे और टाइल्स तोड़ दिए थे. इस मामले में जेल प्रशासन ने उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था. सचिन से बात करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी जेल गए थे. लेकिन उसने मौन व्रत का हवाला देते हुए बात करने से इनकार कर दिया.

अधिकारी का कहना है कि सचिन थापन के साथ ऐसे अनुशासनहीन कैदियों को एक ही बैरक में रखना पूरी तरह से जेल मैनुअल और नियमों के खिलाफ है. इसलिए उसकी इस मौखिक मांग को किसी भी सूरत में पूरा नहीं किया जा सकता.

Advertisement

ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ अटैक केस में दिल्ली से दो औरतें अरेस्ट, मुंबई में किए थे हथियार सप्लाई

ट्रीटमेंट करवाने से किया इनकार

सचिन थापन की सेहत पर बात करते हुए JLN अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अमित यादव ने बताया कि 17-18 दिन से भूखे रहने की वजह से थापन की हालत गंभीर है. वह इलाज कराने से भी इनकार कर रहा है. डॉक्टर ने कहा,

“सचिन को कैजुअल्टी में लाते ही चेकअप किया. काफी दिनों से भूखा रहने के कारण थोड़ी सी स्थिति गंभीर हो गई है. हमने ट्रीटमेंट के लिए कहा. लेकिन वो विरोध कर रहा है. ये हमें ट्रीटमेंट स्टार्ट नहीं करने दे रहा.”

डॉ. यादव के मुताबिक, अस्पताल प्रशासन ने उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है और जेल प्रशासन के साथ मिलकर उसका इलाज शुरू करने की पूरी कोशिश की जा रही है.

सचिन थापन पर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की पूरी साजिश रचने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, हत्या से पहले सचिन ने ही रेकी की थी. शूटरों को हथियार से लेकर लॉजिस्टिक सपोर्ट तक मुहैया कराने में सबसे अहम भूमिका उसी ने निभाई थी.

वीडियो: भारत के दौरे पर आए मार्को रुबियो ने पाकिस्तान का जिक्र क्यों किया?

Advertisement