The Lallantop

टाइगर श्रॉफ अटैक केस में दिल्ली से दो औरतें अरेस्ट, मुंबई में किए थे हथियार सप्लाई

टाइगर श्रॉफ अटैक मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित हथियार सप्लाई मॉड्यूल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, हथियार पंजाब के अमृतसर से लाया गया था.

Advertisement
post-main-image
टाइगर श्रॉफ मामले में दिल्ली पुलिस ने हथियार सप्लाई मॉड्यूल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है. (courtesy: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में हथियार सप्लाई करने वाले कथित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
  • पुलिस के अनुसार, हथियार पंजाब के अमृतसर से लाए गए और मुंबई पहुंचाने की जिम्मेदारी एक महिला को दी गई, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई, जिससे जांच शुरू हुई।
  • महाराष्ट्र पुलिस की CID आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि फायरिंग में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और सप्लाई चैन के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके।

मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित हथियार सप्लाई मॉड्यूल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, हथियार पंजाब के अमृतसर से लाया गया था. इसके बाद उसे मुंबई पहुंचाने की जिम्मेदारी एक महिला को दी गई थी. अब महाराष्ट्र पुलिस की CID इन चारों आरोपियों से पूछताछ करना चाहती है.

Advertisement

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले 21 साल के कुणाल और 19 साल के सुमित के रूप में हुई है. वहीं, उत्तर प्रदेश की रहने वाली 23 साल की राधा और 23 साल की बबीता को भी गिरफ्तार किया गया है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा. वहीं, कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया. चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की CID ने उनसे हिरासत में पूछताछ करने और औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की इजाजत मांगी है.

Advertisement
पुलिस ने क्या बताया?

रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से लिखा गया है कि कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. इसके बाद हरसाना गांव के एक दोस्त ने उसकी जान-पहचान अनिल पंडित नाम के शख्स से कराई. आरोप ये भी है कि कुणाल एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए अनिल पंडित से बातचीत करता था.

पुलिस का कहना है कि अनिल पंडित के कहने पर कुणाल अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लेकर आया था. करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई. उसने राधा को अपने प्लान के बारे में बताया और दोनों के बीच रिलेशनशिप बन गया. इसके बाद कुणाल ने कथित तौर पर राधा को हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया.

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को कुणाल राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर गया. पिस्तौल राधा के बैग में रखी थी. सफर के दौरान कुणाल दोनों महिलाओं के कॉन्टैक्ट में रहा. पुलिस का आरोप है कि वो अनिल पंडित के ऑर्डर उन तक पहुंचा रहा था.

Advertisement
ok
मंगलवार को कोटा के रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एक आरोपी पकड़ा गया. (ANI)

ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर 7 दिन पहले ही चलने वाली थी गोली, इस एक काम ने बचा लिया

हथियार कैसे सप्लाई किया?

दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं. इंडियन एक्प्रेस की रिपोर्ट में पुलिस अधिकारी के मुताबिक लिखा गया है कि उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेने आया. इसके अगले दिन, यानी 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे, मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई.

फायरिंग के बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुणाल से कॉन्टैक्ट किया. उसने बताया कि हमलावर मुंबई में फंसे हुए हैं और उन्हें वहां से निकालने का इंतजाम करने को कहा. इसके बाद राधा और बबीता 18 अक्टूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए निकल गईं. 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चारों आरोपियों को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि अब जांच में ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार किसने मुहैया कराया, उसे मुंबई पहुंचाने में किन लोगों ने मदद की और फायरिंग की साजिश में किसकी क्या भूमिका थी.

वीडियो: टाइगर श्रॉफ मामले में बाबा सिद्दीकी, अतीक अहमद की हत्या वाली पिस्टल का इस्तेमाल हुआ?

Advertisement