लॉरेन्स बिश्नोई गैंग का निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं कोई और बॉलीवुड स्टार था? एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि टाइगर पर फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार लड़कों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है. इसमें पता चला है कि तीनों किसी हाई-प्रोफाइल व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए मुंबई आए थे. लेकिन उसके आने-जाने वाले इलाकों की छानबीन के बाद उन्होंने लगा कि उस तक पहुंचना मुश्किल है. इसके बाद उन्होंने अपना इरादा बदल दिया और टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया.
टाइगर नहीं कोई और था टारगेट, टाइट सिक्योरिटी देख लॉरेन्स के शूटरों ने बदला इरादा!
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने का टारगेट कोई और था. वह एक हाईप्रोफाइल व्यक्ति पर हमला करने आए थे लेकिन रेकी के दौरान ज्यादा सिक्योरिटी देख उन्होंने इरादा बदल दिया.

अब सवाल है कि मुंबई का वो हाई-प्रोफाइल व्यक्ति कौन है?
इसमें बॉलीवुड ऐक्टर सलमान खान का नाम सामने आ रहा है, जो पहले भी लॉरेन्स गैंग के निशाने पर रह चुके हैं. इंडिया टुडे से जुड़े दिव्येश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने पहले सलमान खान को टारगेट करने की प्लानिंग की थी. मुंबई पहुंचते ही उन्होंने सलमान के घर की रेकी भी की थी. लेकिन उनके घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस वालों को देखकर उन्होंने अपना इरादा बदल दिया.
दरअसल, साल 2024 में सलमान के घर पर हुई फायरिंग के बाद से उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उन्हें मुंबई पुलिस की ओर से 'Y+' कैटेगरी की सुरक्षा मिली है. उनके घर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं. सलमान जहां भी जाते हैं, उनके साथ हथियारों से लैस पुलिसकर्मियों वाली एक जीप हमेशा रहती है. वो जिन जगहों पर जाते हैं, वहां की स्थानीय पुलिस पहले उन जगहों की जांच (सैनिटाइज) करती है. सलमान खान कहीं भी जाएं, सुरक्षाकर्मियों के अलावा स्थानीय पुलिस अलग से अपने जवानों को उनके साथ तैनात करती है. टाइगर पर फायरिंग की घटना के बाद अब उनकी सुरक्षा को और भी कड़ा कर दिया गया है और उनके अपार्टमेंट के पास बैरिकेड्स भी लगा दिए गए हैं.
तगड़ी सिक्योरिटी ने बदला इरादासलमान की तगड़ी सिक्योरिटी को देखकर शूटरों का मन बदल गया. इसके बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया, जिनकी सिक्योरिटी वैसी टाइट नहीं है. सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों को टाइगर के इंस्टाग्राम पर मौजूद फैन पेजों से पता चला कि वो हर रविवार मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल ग्राउंड पर जाते हैं. वहां उनकी सुरक्षा के इंतजाम भी थोड़े कम होते हैं.
आरोपियों को लगा कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाना आसान होगा, क्योंकि वह कम सुरक्षा के बीच सार्वजनिक जगहों पर आते-जाते थे. यही वजह थी कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, शूटरों ने कार में बैठे टाइगर पर 7 गोलियां चलाई थीं. उन्होंने और भी गोलियां चलाने की कोशिश की, लेकिन बंदूक जाम हो गई. इस बीच अभिनेता और उनके ड्राइवर घायल हो गए, लेकिन वो किसी तरह कार चलाकर वहां से भाग निकले.
इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है. राजस्थान की कोटा पुलिस ने फायरिंग के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था. बाद में तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया.
वीडियो: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में FIR दर्ज, एकनाथ शिंदे बोले "आरोपियों को छोड़ेंगे नहीं"









