भारत के पूर्व स्पिनर रमेश पवार को BCCI की पुरुष टीम की नेशनल सिलेक्शन कमेटी में जगह मिली है. वह वेस्ट जोन के सिलेक्टर के तौर पर काम करेंगे. वह अजीत अगरकर की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो गया था. सिलेक्टर बनने से पहले पवार ने लंबे समय तक कोचिंग के क्षेत्र में काम किया. वह भारतीय महिला टीम के हेड कोच भी रहे. इस दौरान उनका दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज के साथ विवाद हुआ था.
जब भारतीय कप्तान से हो गई थी रमेश पवार की सीधी 'लड़ाई', BCCI को दखल देना पड़ा
रमेश पवार ने वेस्ट जोन सिलेक्टर बनने से पहले लंबे समय तक कोचिंग के क्षेत्र में काम किया. वह महिला टीम के हेड कोच भी रहे. इस दौरान उनका दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज के साथ बड़ा विवाद हुआ था.

यह बात 2018 की है. उस समय हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला T20 टीम की कप्तान थीं और रमेश पवार हेड कोच थे. T20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची. इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में मिताली को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. इसके बाद मिताली ने BCCI को चिट्ठी लिखकर पवार पर भेदभाव करने और उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाया था.
BCCI ने इस मामले में पवार से सफाई मांगी थी. पवार ने बोर्ड को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी. इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मिताली टीम की रणनीति के मुताबिक नहीं खेल रही थीं. पवार का दावा था कि मिताली अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड को प्राथमिकता दे रही थीं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ओपनिंग का मौका नहीं मिलने पर मिताली ने टूर्नामेंट बीच में छोड़ने और संन्यास लेने की धमकी दी थी. रिपोर्ट सामने आने के बाद मिताली ने नाराजगी जताई थी. उनका कहना था कि उनके देश के लिए खेलने और योगदान पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मुंबई ने मौके नहीं दिए तो मिजोरम से जुड़े, नाबाद 400 रन बनाकर 78 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला
मिताली ने क्या कहा था?मिताली राज ने इस विवाद पर लल्लनटॉप के शो गेस्ट इन द न्यूजरूम में भी बात की थी. मिताली ने कहा था कि उनके साथ गलत व्यवहार हुआ, तब उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि कैसे प्रतिक्रिया दें. हालांकि, बाद में उन्होंने खुद को संभाला और अपने खेल पर ध्यान दिया. उन्होंने कहा कि उनका मकसद क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ देना था और वह इस विवाद में लंबे समय तक उलझकर नहीं रहना चाहती थीं. उन्होंने हरमनप्रीत कौर को लेकर कहा था कि उन्हें उनसे कोई परेशानी नहीं थी और उनके मन में हरमनप्रीत के लिए कोई गलत भावना नहीं थी. अब पवार पुरुष क्रिकेट में नई भूमिका निभाएंगे. वह वेस्ट जोन से राष्ट्रीय टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी संभालेंगे.
वीडियो: France Protest: 1200 गिरफ्तार, 150 पुलिसकर्मी घायल, पेरिस में लोग सड़कों पर क्यों उतरे?









