हरियाणा के गुरुग्राम जिले में भारतीय वायु सेना के एक रिटायर्ड अफसर पर हमला हुआ, जिसमें उनके सिर पर चोट आई और कोहनी टूट गई. आरोप है कि मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद पार्किंग वाले ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया. पीड़ित रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता 1999 की कारगिल जंग के दौरान इंडियन एयरफोर्स के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रह चुके हैं.
कारगिल जंग लड़ने वाले वायुसेना अफसर पर गुरुग्राम में रॉड से हमला, सिर पर चोट, कोहनी भी टूटी
रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता 1999 की कारगिल जंग के दौरान इंडियन एयरफोर्स के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने बताया कि गुरुवार 10 सितंबर को गुरुग्राम में एक पार्किंग वाले ने उन पर रॉड से हमला किया.

अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि गुरुवार 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे उन्होंने अपने फैमिली को एक रेस्टोरेंट में छोड़ा. इसके बाद वे अपनी कार को पार्किंग में खड़ी करने चले गए. आरोप है कि पार्किंग स्टाफ ने उन्हें पहले वैलेट पार्किंग, फिर बेसमेंट और फिर मल्टी-लेवल पार्किंग की तरफ भेजा. यानी उन्हें बार-बार अलग-अलग जगह जाने को कहा गया.
आखिर में उन्हें कार पार्क करने से मना कर दिया गया. यहीं से मामला बिगड़ गया. अमित ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया कि, वो अपनी कार रिवर्स कर रहे थे. तभी एक पार्किंग स्टाफ ने उन्हें रोका और लोहे की रॉड से कार की विंडशील पर मारने की कोशिश की. उनका कहना है कि ऐसा लगा जैसे वो मेरी कार शीशा तोड़ना चाहता था.
इसके बाद अमित कार से बाहर निकले और उन्होंने इसका विरोध किया. आरोप है कि तभी पार्किंग स्टाफ ने उसी लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया. इससे उनके सिर पर चोट आई और कोहनी फ्रैक्चर हो गई.
उनका आरोप है कि उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन भी किया, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोई मदद नहीं पहुंची. इसी दौरान वहां मौजूद एक शख्स ने बीच में आकर उनकी मदद की और उनकी जान बचाई. इसके बाद अमित को एंबुलेंस से एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई. डॉक्टरों ने उनकी टूटी कोहनी की सर्जरी की है.
ये भी पढ़ें: कारगिल का ‘सफेद सागर’ और मुशर्रफ की ‘सीक्रेट लैंडिंग’, 2 अप्रैल 1999 की वो रात जब युद्ध की नींव रखी गई!
अमित कुमार गुप्ता ने अस्पताल और पुलिस पर भी आरोप लगाए. रिटायर्ड अफसर अमित का कहना है कि अस्पताल ने जो मेडिको-लीगल केस यानी MLC रिपोर्ट तैयार की, उसमें सिर से खून निकलने और कोहनी की गंभीर चोट का जिक्र नहीं किया गया. उन्होंने इस रिपोर्ट को गलत बताया.
अमित ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी पार्किंग स्टाफ के खिलाफ FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने ऐसी धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है, जिनमें हत्या करने की कोशिश और गंभीर चोट पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हों.
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि बाधा डालने और हमला करने से जुड़ी धाराओं के तहत एक FIR दर्ज की गई है. इसमें अमित गुप्ता के एक्स-रे और अन्य मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अलग से अन्य आरोप जोड़े जाने की संभावना है.
वीडियो: कारगिल युद्ध की शौर्य गाथाएं जो हर किसी को जाननी चाहिए














