The Lallantop

सुपारी दी और कहा पुलिस पकड़े तो मेरे पति का नाम लेना... ससुर को मारने वाली बहू के राज खुले

उत्तर प्रदेश के कानपुर के एक बिज़नेसमैन विनीत मिनोचा की उनके ही घर में हत्या कर दी गई. आरोप है कि उनकी बहू ने उन्हें मारने के लिए दो हमलावरों को हायर किया था. इस केस का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शालू अपने पति के साथ पार्टी में डांस करती दिख रही है. पकड़े गए आरोपियों ने भी पुलिस को सब बता दिया है.

Advertisement
post-main-image
कानपुर के बिज़नेसमैन विनीत मिनोचा (दाएं) की हत्या का आरोप उनकी बहू शालू (बाएं) पर है. (फोटो-ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कानपुर में फार्मास्युटिकल बिज़नेसमैन विनीत मिनोचा की 5 सितंबर की रात उनके ही घर में हत्या कर दी गई, और पुलिस ने उनकी बहू शालू को हत्या की साजिश के तहत गिरफ्तार किया है।
  • हत्या की जांच में पुलिस ने पाया कि 12-13 साल तक काम कर चुके विशाल और राजकिशोर ने डुप्लीकेट चाबी का उपयोग कर हत्या को अंजाम दिया, जबकि शालू और उसका पति पार्टी में थे।
  • पुलिस ने शालू समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके फोन जब्त कर लिए हैं, मामले की आगे की जांच के लिए जांच जारी है और पारिवारिक विवाद व पैसों को हत्या की वजह माना जा रहा है।
author-image
सिमर चावला

उत्तर प्रदेश के कानपुर के एक फार्मास्युटिकल बिज़नेसमैन विनीत मिनोचा की उनके ही घर में हत्या कर दी गई. शुरुआत में घर में मातम था और उनकी बहू शालू का रो-रोकर बुरा हाल था. लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो शक परिवार के सदस्यों तक पहुंचा. और अब इसी केस का एक वीडियो सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 

Advertisement

वीडियो में विनीत की बहू शालू अपने पति सुब्रत के साथ एक पार्टी में डांस करती नजर आ रही हैं. दावा है कि ये वीडियो उसी रात का है, जिस रात 63 साल के विनीत मिनोचा की उनके घर में हत्या हुई थी.

इंडिया टुडे से जुड़े सिमर चावला की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने अब शालू को इस मामले में गिरफ्तार किया है. पुलिस का आरोप है कि शालू ने हत्या की साजिश रची और 12-13 साल तक घर में काम कर चुके विशाल और उसके साथी राजकिशोर के जरिए विनीत की हत्या करवाई. 

Advertisement
पूरा मामला क्या है?

घटना 5 सितंबर की रात रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट वाले फ्लैट में घटी. विनीत कानपुर के जाने-माने दवा कारोबारी थे. वो अपने बेटे सुब्रत के साथ फार्मा ट्रेडर्स नाम की फर्म चलाते थे. उस रात विनीत घर में अकेले थे. उनकी पत्नी बाहर थीं और बेटी भी कानपुर में नहीं थी. इधर उनका बेटा सुब्रत, बहू शालू और उनका 6 साल का बच्चा पार्टी के लिए घर से निकले.

पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोप है कि उनके घर से निकलने के कुछ ही देर बाद पुराने हाउस हेल्प विशाल और उसका साथी राजकिशोर अपार्टमेंट पहुंचे. विशाल को घर के बारे में सब कुछ पहले से पता था. CCTV वीडियो से पता लगा है कि उसके पास घर की डुप्लीकेट चाबी भी थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का दावा है कि दोनों ने पहले विनीत की हत्या को एक्सीडेंट दिखाने का प्लान बनाया था. लेकिन जब विनीत बच्चे के कमरे की तरफ गए तो उनका सामना हमलावरों से हुआ. इसके बाद आरोपियों ने विनीत पर चाकू से हमला कर दिया. विनीत के शरीर पर कई चाकू के वार किए गए और उनकी मौत हो गई. 

Advertisement
पार्टी कर रही थी बहू

दूसरी तरफ, शालू और उसका पति सुब्रत पार्टी में पहुंच चुके थे. कॉस्मोजिन लाउंज के मैनेजर के मुताबिक, दोनों रात करीब 10:30 बजे वहां पहुंच गए थे. पार्टी करीब 11:30 बजे शुरू होनी थी. उस लाउंज में करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे.

मैनेजर बताते हैं कि शालू और सुब्रत ने खाना खाया, डांस किया और बाकी लोगों की तरह पार्टी में शामिल रहे. उन्हें देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि वे किसी तनाव में हैं. इसी पार्टी का वीडियो भी सामने आया है. अगली सुबह करीब 4 बजे हत्या के बारे में पता चला. शालू, उसके पति सुब्रत और उनका बच्चा पार्टी से घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मेन डोर खुला हुआ था.

ये भी पढ़ें: लिव इन पार्टनर के साथ गई मां हुई लापता, बेटा ढूंढता रहा, अब कंकाल मिला है

पुलिस ने क्या बताया?

CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस दो लोगों तक पहुंची. एक 30 साल का विशाल गौतम और दूसरा 25 साल का राज किशोर. पुलिस के मुताबिक, दोनों को सोमवार 7 सितंबर को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, इस हत्या में शालू को भी आरोपी बनाया गया है. DCP West कासिम आबिदी ने बताया कि शालू के फोन को ज़ब्त किया है और जांच के लिए भेज दिया है.

कासिम आबिदी ने ये भी बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पैसे ऑफर किए गए थे. विशाल और राजकिशोर की निशानदेही पर 7 सितंबर को पुलिस ने शालू को भी गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने ये भी बताया कि शालू ने हमलावरों से कहा था कि ‘अगर पकड़े जाओ तो मेरा नाम मत लेना. बल्कि मेरे पति का नाम लेना.’

पुलिस से पता चला है कि हत्या के पीछे पैसों और घर के अंदर के विवाद को भी वजह माना जा रहा है. शालू घर में लगे CCTV से भी परेशान थी. उसका कहना था कि इससे उसकी प्राइवेसी खत्म हो रही थी.

वीडियो: दिल्ली में मणिपुरी संगीत शिक्षक चोंगथाम विक्रम सिंह की हत्या, पत्नी ने सुनाई पूरी आपबीती

Advertisement