पंजाब के जालंधर में बर्थडे पार्टी से लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई. फ्लाईओवर पर हुए हादसे में एक फॉक्सवैगन कार सड़क पर खड़ी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विदित ओलक और आरव तलवार के रूप में हुई है. विदित ओलक मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह के भतीजे और पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश के बेटे थे. वहीं आरव तलवार पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे हैं.
यो यो हनी सिंह के भतीजे की सड़क हादसे में मौत, दोस्त के साथ बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे
पंजाब के जालंधर में फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से फॉक्सवैगन कार टकरा गई. हादसे में यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलक और उनके दोस्त आरव तलवार की मौत हो गई.

हादसे में भतीजे को खोने के बाद हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर भावुक स्टोरी भी लगाई. उन्होंने लिखा कि ये दशक उनके लिए काफी मुश्किलों भरा रहा. अब भतीजे को खोना उनके लिए बर्दाश्त से बाहर की तकलीफ है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दोस्त एक बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे, तभी ये हादसा हो गया. बारादरी पुलिस स्टेशन के SHO साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 3 बजे हादसे की जानकारी मिली. नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर की सफाई कर रहे थे. उन्होंने कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं सड़क पर खड़ा किया था. कार BMC चौक से BSF चौक की ओर जा रही थी. तभी फ्लाइओवर पर वो खड़ी गाड़ी से टकरा गई.
SHO ने बताया कि एक्सीडेंट से पहले फॉक्सवैगन कार में 5 लोग थे. विदित ओलक और आरव तलवार की मौत हो गई. वहीं, बाकी तीन लोग हादसे से पहले ही अपने घर जा चुके थे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया. मृतक के परिवार ने आगे की कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए.
वीडियो: दुनियादारी: नेतन्याहू की कुर्सी जाने वाली है? UTJ तो आइजेनकोट के खेमे में गए









