The Lallantop

रामलीला मैदान में जुटने लगे लोग, 250 CCTV, 10000 जवान तैनात, जवाब में BJP निकाल रही पदयात्रा

1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली के जवाब में BJP भी पश्चिमी दिल्ली में पदयात्रा निकाल रही है. ये पदयात्रा सुबह 11:30 बजे हरि नगर बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक जाएगी.

Advertisement
post-main-image
रामलीला मैदान मार्च की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बल पूरी तरह मुस्तैद हैं. (Courtesy: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को सुबह 11 बजे INDIA ब्लॉक की 'चलो दिल्ली' रैली आयोजित की जाएगी जिसमें विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
  • भारत के कई राजनीतिक दलों के कार्यक्रम एक ही समय में होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा के लिए लगभग 10,000 जवानों और 250 CCTV कैमरों का इंतजाम किया है।
  • रैली और पदयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील इलाकों में धारा 163 लागू की गई है और पुलिस और सेंट्रल आर्म्ड फोर्सेज ने सुरक्षा बढ़ाई है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. रैली में शामिल होने के लिए लोगों का जुटना शुरू हो गया है. किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों के करीब 10,000 जवानों को तैनात किया गया है. रामलीला मैदान और उसके आसपास के इलाकों पर लगभग 250 CCTV कैमरों से नजर रखी जा रही है. इसके अलावा ड्रोन और AI बेस्ड फेस रिकग्निशन सिस्टम की भी मदद ली जा रही है.

Advertisement

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था इसलिए भी बढ़ाई गई है, क्योंकि INDIA ब्लॉक की रैली के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी पश्चिमी दिल्ली में पदयात्रा निकाल रही है. दोनों पॉलिटिकल प्रोग्रामों को देखते हुए पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया है.

4000 से ज्यादा जवान तैनात

रामलीला मैदान और इसके आसपास 4,000 से ज्यादा जवानों को तैनात की गई है. मिंटो ब्रिज से रैली साइट तक जाने वाले रास्ते पर भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, भगवान दास रोड, सुप्रीम कोर्ट और भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के दफ्तर के आस-पास बैरिकेडिंग की गई है.

Advertisement

प्रोटेस्ट के दौरान सिक्योरिटी में दिल्ली पुलिस के अलावा सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF), सेट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी शामिल हैं. संवेदनशील इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है, ताकि बिना इजाजत बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा ना हो सकें.

250 CCTV कैमरों से रखी जा रही नजर

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (DCP) रोहित राजबीर ने बताया कि पूरे इलाके को 200 से 250 CCTV कैमरों से कवर किया गया है. रैली के ऑर्गेनाइजर्स ने भी अपना कंट्रोल रूम बनाया है. पुलिस और ऑर्गेनाइजर्स मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं.

DCP रोहित राजबीर ने आगे बताया कि सुरक्षा के दो लेयर बनाए गए हैं. पहला मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक के मार्च रूट पर रहेगा, जबकि दूसरा, रैली साइट के अंदर सुरक्षा संभालेगा. पूरे रास्ते पर पुलिसवालों की तैनाती की गई है. रैली स्थल पर अलग-अलग एनक्लोजर बनाए गए हैं, जहां पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे.

Advertisement

DCP ने कहा कि भीड़ को संभालने के लिए पुलिस के साथ सेवा दल, सिविल डिफेंस और स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य भी मदद कर रहे हैं.

11 बजे से शुरू होगी INDIA ब्लॉक की रैली

INDIA ब्लॉक की रामलीला मैदान के लिए 'चलो दिल्ली' रैली सुबह 11 बजे शुरू होगी. इसमें शामिल होने वाले सांसद पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान की तरफ मार्च करेंगे.

यह भी पढ़ें: 'रामलीला मार्च में आएं, शॉपिंग भी करें', राहुल गांधी ने कहा लोग दिल्ली के दुकानदारों की मदद करें

रैली में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, बिहार में विपक्षी नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

BJP भी निकालेगी पदयात्रा

दूसरी तरफ, बीजेपी भी 1 नवंबर को पश्चिमी दिल्ली में पदयात्रा निकाल रही है. ये पदयात्रा सुबह 11:30 बजे हरि नगर बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक जाएगी. इसमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली BJP अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. पदयात्रा में सिख समुदाय के लोग भी हिस्सा लेंगे.

वीडियो: जंतर-मंतर बंद, रामलीला मैदान खुला, क्या प्रदर्शनकारियों की आवाज दूर करने की कोशिश है?

Advertisement